images 7

आगर-मालवा। अपनी विवादित कार्यशैली को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले सुसनेर के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) सर्वेश यादव को सुसनेर नलखेड़ा अभिभाषक संघ से चल रहे विवाद के बीच जिला प्रशासन ने बड़ा प्रशासनिक फैसला करते हुए एसडीएम पद से हटा दिया है। कलेक्टर प्रीति यादव ने आदेश जारी कर सुसनेर एसडीएम सर्वेश कुमार यादव को वहां से हटाते हुए कलेक्टर कार्यालय आगर-मालवा में पदस्थ कर दिया है, जबकि कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ प्रभारी डिप्टी कलेक्टर किरण बराड़े को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुसनेर-नलखेड़ा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह आदेश 10 मार्च 2026 को जारी किया गया है और तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

दरअसल, सुसनेर एवं नलखेड़ा अभिभाषक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को कलेक्टर से मुलाकात कर एसडीएम सर्वेश यादव की कार्यप्रणाली पर गंभीर शिकायत दर्ज कराई थी। अभिभाषक संघ के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि एसडीएम की कार्यशैली के कारण आम नागरिकों, पक्षकारों और अधिवक्ताओं को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मामलों के निपटारे में पारदर्शिता की कमी, अपेक्षित सहयोग न मिलना तथा अन्य अनियमितताओं से न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

अभिभाषक संघ ने बताया कि 13 फरवरी 2026 को भी संघ की बैठक में एसडीएम के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर उनके न्यायालय का सामूहिक बहिष्कार किया गया था और इसकी जानकारी प्रशासन को दी गई थी। बावजूद इसके कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर संघ ने 9 मार्च 2026 को बैठक कर निर्णय लिया कि 11 मार्च से एसडीएम न्यायालय के सामने शांतिपूर्ण क्रमिक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी लिखित सूचना भी कलेक्टर को आज दे दी गई थी।

इसी बीच जिला प्रशासन ने आदेश जारी कर एसडीएम सर्वेश यादव को सुसनेर से हटाकर कलेक्टर कार्यालय आगर-मालवा में पदस्थ कर दिया और उनकी जगह प्रभारी डिप्टी कलेक्टर किरण बराड़े को सुसनेर-नलखेड़ा का नया अनुविभागीय अधिकारी नियुक्त कर दिया।

प्रशासन के इस निर्णय को सुसनेर में चल रहे विवाद के बीच एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।

न्यूज़ से संबंधित वीडियो देखने के लिए इस लाईन को टच करें