आगर मालवा –
जिले के सोयतकलां में बुधवार को एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना के बाद क्षेत्र में घटनाक्रम तेजी से बदलता गया और मामला तूल पकड़ता गया। बालिका अपनी सहेली के घर से लौट रही थी, तभी आरोपी अफरोज ने रास्ते में उसके साथ आपत्तिजनक हरकत की। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 74, 75(1)(i), 78(1)(i)(iii) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7 और 8 के तहत प्रकरण दर्ज किया। गुरुवार को घटना के विरोध में पीड़ित परिजनों एवं ग्रामवासियों ने थाना प्रभारी और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी के अवैध अतिक्रमण पर बने मकान को तोड़ने की मांग की।
▪️ चक्का जाम, संगठनों की मौजूदगी और प्रशासन की तत्परता
गुरुवार को ज्ञापन के बाद ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने देहरिया गांव में नेशनल हाईवे 552G पर चक्का जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान ग्रामवासियों के साथ विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौके पर डटे रहे।
विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय गौ रक्षा प्रमुख सोहन विश्वकर्मा भी घटनास्थल पर मौजूद रहे और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी देवनारायण यादव, थाना प्रभारी रामगोपाल वर्मा एवं तहसीलदार राजेश श्रीमाल सहित पुलिस और राजस्व विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और लगातार संवाद के माध्यम से हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
▪️ आरोपी के अवैध मकान पर चला बुलडोजर
बढ़ते आक्रोश और तनावपूर्ण स्थिति के बीच प्रशासन ने त्वरित निर्णय लेते हुए आरोपी अफरोज के अवैध अतिक्रमण पर बने मकान को पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ और चक्का जाम समाप्त कर दिया गया। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है-
