आगर-मालवा
अखिल भारतीय यादव महासभा अहीर मध्यप्रदेश की प्रदेश स्तरीय प्रथम कार्यकारिणी बैठक एवं श्रीकृष्ण विचारों का फागोत्सव शनिवार सुबह 10 बजे गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने भाग लिया। बैठक का केंद्रबिंदु सामाजिक उत्थान, संगठन सुदृढ़ीकरण एवं समाज में व्याप्त कुरीतियों के उन्मूलन का संकल्प रहा। बैठक के पूर्व फागोत्सव का आयोजन किया गया जिसमें समाजजनों द्वारा फूलों से होली खेली गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अशोक यादव (जयपुर) ने अपने संबोधन में कहा कि समाज तभी सशक्त होगा जब हम शिक्षा, संगठन और संस्कार इन तीन स्तंभों को मजबूत करेंगे। मृत्युभोज, आडंबरपूर्ण खर्च और दिखावे की परंपराएं समाज को आर्थिक रूप से कमजोर करती हैं। इन्हें समाप्त कर सामूहिक विवाह जैसे सादगीपूर्ण आयोजनों को बढ़ावा देना समय की मांग है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक नेतृत्व में आगे आने का आव्हान किया। विशेष अतिथि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रिटायर्ड ब्रिगेडियर करतार सिंह (रेवाड़ी हरियाणा) ने कहा कि अनुशासन, एकता और राष्ट्रभक्ति हमारी पहचान होनी चाहिए। समाज में शिक्षा का स्तर बढ़ेगा तो स्वत: ही कुरीतियां समाप्त होंगी। हमें सैनिकों के सम्मान और युवाओं को सेना व अन्य सेवाओं में प्रेरित करने पर भी कार्य करना होगा। उन्होंने धर्मशाला निर्माण के लिए 11 हजार रुपए की सहयोग राशि प्रदान करते हुए कहा कि सामाजिक ढांचा मजबूत होगा तो संगठन की जड़ें भी सुदृढ़ होंगी। प्रदेश कार्यवाह अध्यक्ष देवी सिंह यादव ने कहा कि समाज को आर्थिक और शैक्षणिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए छात्रावास, कोचिंग सहायता एवं प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए। प्रदेश संगठन मंत्री रामगोपाल यादव ने ग्राम स्तर पर इकाइयों के गठन और सामाजिक संवाद बढ़ाने पर बल दिया। बैठक में मृत्युभोज पर रोक लगाने, विवाह सम्मेलनों में अधिक से अधिक जोड़ों का सामूहिक विवाह कराने, बालिका शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। आगर में प्रस्तावित धर्मशाला निर्माण को लेकर भी रणनीति तय की गई। समाजजनों ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया तथा अहीर रेजिमेंट की पुरानी मांग को पुन: मजबूती से उठाने का आग्रह किया। राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बाबुलाल यादव, करण सिंह यादव, कार्यक्रम संयोजक प्रेम नारायण यादव, भैरूसिंह यादव, हरिनारायण यादव द्वारा समाज सुधार पर प्रकाश डाला गया गया। इस दौरान उपस्थित पूर्व सैनिकों का शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।

बैठक के पूर्व फागोत्सव का आयोजन हुआ जिसमें फूलों की होली खेलकर श्रीकृष्ण के आदर्शों प्रेम, भाईचारा और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष बाबूलाल यादव खेरिया,जिला महामंत्री व संगठन प्रभारी भेरूसिंह यादव, युवा महासभा जिलाध्यक्ष ईश्वर सिंह यादव, संजीव कुमार यादव (आंध्रप्रदेश), तहसील अध्यक्ष सुंदरलाल यादव, शिवनारायण यादव, रामेश्वर यादव, कालुसिंह यादव, नगर अध्यक्ष कृष्णसिंह यादव, युवा तहसील अध्यक्ष देवेंद्र यादव, भागीरथ यादव, राधेश्याम बड़ोद, पवन यादव, नवीन यादव, लखन यादव सहित 52 गांवों से बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम सामाजिक जागरूकता, संगठनात्मक मजबूती और सुधारात्मक संकल्पों के साथ सम्पन्न हुआ। संचालन प्रदेश संगठन मंत्री रामगोपाल यादव, अभिभाषक रामेश्वर यादव ने किया तथा आभार युवा जिलाध्यक्ष ईश्वर यादव ने माना। जानकारी समाज मीडिया प्रभारी कनीराम यादव ने दी।
