IMG 20260224 WA0076 1 scaled

आगर मालवा –

पुलिस अधीक्षक आगर मालवा विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में आज दिनांक 23 फरवरी 2026 को पुरानी कृषि उपज मंडी स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में आगर मालवा पुलिस द्वारा जनसुनवाई, बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एवं CPR प्रशिक्षण तथा ग्राम/नगर रक्षा समिति सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों से आए आवेदकगण, ग्राम एवं नगर रक्षा समिति के सदस्य, पत्रकारगण, गणमान्य नागरिक एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत जनसुनवाई से हुई, जिसमें पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने व्यक्तिगत रूप से आवेदकों से संवाद कर उनकी समस्याएँ गंभीरतापूर्वक सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण हेतु निर्देशित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ निराकरण पुलिस की प्राथमिकता है तथा जनविश्वास ही प्रभावी कानून-व्यवस्था की आधारशिला है।

अपने विस्तृत संबोधन में उन्होंने यातायात एवं सड़क सुरक्षा के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग की अपील करते हुए बताया कि आगर मालवा पुलिस द्वारा गत वर्ष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष निगरानी, शैक्षणिक संस्थानों में जनसंवाद कार्यक्रम एवं सघन चेकिंग अभियान चलाए गए।

इसी क्रम में कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस द्वारा चेकिंग के समय हेलमेट पहनकर सुरक्षित यात्रा कर रहे पाँच जिम्मेदार नागरिकों को पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह द्वारा मंच पर सम्मानित किया गया, ताकि नियमों का पालन करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित किया जा सके और समाज में सकारात्मक संदेश जाए।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का संकल्प है। इसके पश्चात उन्होंने बेसिक लाइफ सपोर्ट एवं CPR के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दुर्घटना या हृदयाघात की स्थिति में “गोल्डन ऑवर” अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।_ _यदि प्रारंभिक क्षणों में सही तकनीक से सहायता दी जाए तो किसी भी व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने ग्राम एवं नगर रक्षा समिति के सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में प्रथम प्रतिक्रिया देने वाले के रूप में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. संजय जामलिया, डॉ. सरदार एस.के., डॉ. शशांक सक्सेना एवं उनके सहयोगी शुभम पाटीदार द्वारा बेसिक लाइफ सपोर्ट एवं CPR का विस्तृत एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। चिकित्सकों ने छाती पर सही स्थान पर निर्धारित दबाव, प्रति मिनट आवश्यक कंप्रेशन की गति, कृत्रिम श्वसन की विधि तथा सुरक्षा सावधानियों का प्रदर्शन कर समझाया। साथ ही दुर्घटना में घायल व्यक्ति, विशेषकर हड्डी टूटने या रीढ़ की चोट की स्थिति में, किस प्रकार सावधानीपूर्वक बिना अतिरिक्त क्षति पहुँचाए अस्पताल तक पहुँचाया जाए, इसकी भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री सिंह द्वारा समस्त पत्रकारगण, ग्राम एवं नगर रक्षा समिति के सदस्यों, महिला आरक्षकों तथा उपस्थित गणमान्य नागरिकों को पुलिस एवं जनसहयोग से उपलब्ध कराए गए लगभग 350 से अधिक हेलमेट वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। नगर एवं ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों को हेलमेट के साथ साथ किट भी वितरित की गई जिससे वे पुलिस का कानून व्यवस्था ड्यूटी में और भी सहयोग प्रदान कर सकें। साथ ही जिले में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रवीन्द्र कुमार बोयत, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी आगर मोतीलाल कुशवाहा, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सुसनेर देवनारायण यादव, जिले के समस्त थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, ग्राम/नगर रक्षा समिति सदस्य सहित कुल लगभग 400 से अधिक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक उपनिरीक्षक संतोष खजुरिया द्वारा एवं आभार प्रदर्शन यातायात सूबेदार एवं प्रभारी रक्षित निरीक्षक जगदीश यादव द्वारा किया गया-

IMG 20260224 WA0064 scaled IMG 20260224 WA0059 scaled IMG 20260224 WA0067 scaled

यह भी पड़े