आगर मालवा-
आगर नगर के वरिष्ठ अधिवक्ता श्री जगदीश माहेश्वरी का दिनांक 25 मार्च 2026 को हृदयघात से अचानक निधन हो गया। उनके निधन से न केवल अभिभाषक समुदाय बल्कि आमजन, विशेषकर पुलिस, प्रशासन एवं शासन व्यवस्था से पीड़ित लोगों में गहरा शोक व्याप्त है।
श्री माहेश्वरी की पहचान केवल एक कुशल अधिवक्ता के रूप में ही नहीं, बल्कि एक ऐसे संवेदनशील और न्यायप्रिय व्यक्तित्व के रूप में थी, जो हर जरूरतमंद की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते थे। जब किसी पीड़ित व्यक्ति को पुलिस, प्रशासन या शासन स्तर पर कहीं से न्याय नहीं मिलता था, तब वह अंतिम आशा के रूप में उनके पास पहुंचता था। श्री माहेश्वरी उस व्यक्ति की समस्या को पूरी गंभीरता से समझते हुए उसे परिवार के सदस्य की तरह सहयोग प्रदान करते थे।
वे पीड़ित की शिकायत को विधिवत तैयार कर उसे मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, गृहमंत्री, डीजीपी, आईजी, एसपी, कलेक्टर एवं संबंधित थाना प्रभारी तक भेजते थे। उनके द्वारा तैयार किए गए शिकायती पत्रों की प्रभावशीलता इस बात से स्पष्ट होती थी कि उच्च कार्यालयों से जिम्मेदार अधिकारियों को कार्रवाई हेतु निर्देश प्राप्त होते थे, जिससे पीड़ित पक्ष को न्याय मिलने की संभावना प्रबल हो जाती थी।
व्यवसायिक रूप से अत्यंत वरिष्ठ होने के बावजूद उनका व्यवहार अत्यंत सरल और मित्रवत था। वे जूनियर अधिवक्ताओं के साथ भी आत्मीयता से पेश आते थे और जब भी कोई मार्गदर्शन मांगता, तो वे बिना किसी स्वार्थ के पूरी निष्ठा और सेवा भाव से सहयोग करते थे। उनका यह गुण उन्हें अभिभाषक समाज में विशेष सम्मान दिलाता था।
उनका निधन समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। जहां एक ओर शासन-प्रशासन से पीड़ित लोगों ने अपना एक सशक्त सहारा खो दिया है, वहीं अभिभाषक संघ ने एक अनुभवी और मार्गदर्शक व्यक्तित्व को खो दिया है। विशेष रूप से जूनियर अधिवक्ताओं के लिए उनका मार्गदर्शन और स्नेह सदैव स्मरणीय रहेगा।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे एवं शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति दे।
