नहीं थम रहा जिला अस्पताल के सामने हुए चर्चित अपहरण का मामला। पूर्व विधायक ने अपने समर्थकों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर कहा दर्ज किया जाए विधायक के खिलाफ प्रकरण। विधायक ने कहा मुझे फसाने के लिए हो रहा राजनीतिक षड्यंत्र। पुलिस ने कहा पीड़ित ने जिनका नाम लिया उनके खिलाफ दर्ज किया प्रकरण। विधायक के खिलाफ प्रकरण दर्ज न होने पर कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी। विस्तार से जाने आखिर क्या है यह पूरा मामला-
आगर मालवा –
जिला अस्पताल के सामने 24 तारीख की शाम को धीरव सिंह का हुआ अपराहण का मामला बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। प्रकरण में लगातार आ रहे आगर विधायक मधु गहलोत के नाम के बीच आज कांग्रेस के पूर्व विधायक विपिन वानखेड़े अपने समर्थकों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे और वहां एडिशनल एसपी रविंद्र कुमार बोयट एवं सीएसपी मोतीलाल कुशवाहा से चर्चा करते हुए विधायक के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। विपिन वानखेड़े का कहना है कि जब पीड़ित लगातार विधायक मधु गहलोत का नाम ले रहा है तो मुख्य आरोपी के रूप में विधायक के खिलाफ अभी तक प्रकरण दर्ज क्यों नहीं किया गया है? पुलिस द्वारा विधायक को लगातार संरक्षण दिया जा रहा है जिसके चलते पहले भी इस तरह की कुछ घटनाएं सामने आ चुकी है जिसमें विधायक का नाम आया है, साफ है की विधायक खुले आम गुंडागर्दी कर रहे हैं।
वहीं पुलिस का कहना है कि पीड़ित ने जो नाम थाने पर बताएं थे उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है यदि पीड़ित और कोई नाम बताएगा तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।
विपिन वानखेड़े ने विधायक के खिलाफ कार्रवाई न होने पर विधायक और पुलिस के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी भी पुलिस को दी है।
इस संबंध में जब विधायक मधु गहलोत से गिरीश न्यूज़ ने चर्चा की तो विधायक ने पीड़ित का फोटो विपिन वानखेड़े के साथ भेजते हुए कहा कि पीड़ित ने इसके बाद भी अभी तक मेरा नाम नहीं लिया है परंतु कांग्रेस के पूर्व विधायक षड्यंत्र कर मेरी छवि खराब करने का प्रयास कर रहे है जबकि यह पूरा मामला जयसिंहपुरा के पास स्थित एक विंड और सोलर एनर्जी प्लांट के अंदर काम मांगने को लेकर गए कुछ लोग और फिर वहां पर हुए विवाद को लेकर है और इस विवाद में मेरी कोई भूमिका नहीं है।
हम आपको बता दें कि शासकीय जिला अस्पताल से 24 जनवरी शनिवार शाम धीरव सिंह के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया था साथ ही घटना का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें कुछ युवक जबरन धीरव सिंह को बोलेरो वाहन में बैठाकर ले जाते दिख रहे हैं। अस्पताल परिसर में हुई इस वारदात से हड़कंप मच गया था और मामला अब सियासी तूल भी पकड़ रहा है। जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक धीरज सिंह घायल मित्र का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचा था, तभी कुछ युवकों ने विवाद कर उसे जबरन बोलेरो में डालकर अगवा कर लिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने ग्राम मदकोटा के पास से युवक को सुरक्षित बरामद किया था। घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपीयों के खिलाफ मामला दर्ज कर प्रकरण के आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
इधर कांग्रेस के पूर्व विधायक विपिन वानखेड़े ने वीडियो वायरल कर इस पूरे घटनाक्रम में विधायक मधु गहलोत पर गंभीर आरोप लगाए थे और उनका कहना था कि पीड़ित ने वीडियो कॉल कर मुझे बताया है कि यह सब विधायक ने करवाया है।
पूर्व विधायक विपिन वानखेड़े ने प्रकरण में विधायक मधु गहलोत के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर विधायक और पुलिस के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है पर इस तरह प्रकरण में भाजपा और कांग्रेस के आमने-सामने होने से जिले की राजनीति गरमा गई है।
प्रकरण में प्राथमिक रूप से जो तथ्य सामने आ रहे हैं उस अनुसार ग्राम जयसिंहपुरा के पास स्थित एक विंड और सोलर एनर्जी कंपनी में कुछ लोग काम मांगने के लिए गए थे और वहां पर काम मांगने के दौरान कंपनी के कर्मचारी और कुछ लोगों का उनके साथ विवाद हुआ और वहां पर गाड़ी में तोड़फोड़ सहित मारपीट की घटना हुई। बताया जा रहा है कि उसे दौरान अपह्रत धीरज सिंह भी वहां पर उपस्थित था । इसके बाद इस घटना में घायल हुए लोगों को जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया था। इन्हीं घायलों को देखने के लिए जब धीरज सिंह जिला अस्पताल गया तो वहां पर उसका इस तरह से अपहरण कर लिया गया था ।
इस दौरान पूर्व विधायक विपिन वानखेड़े के साथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजयलक्ष्मी तंवर, प्रदेश प्रवक्ता गुड्डू लाला, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष अमित अजमेर के साथ ही अन्य कांग्रेसगण उपस्थित रहे-
कांग्रेस नेता जयवर्धन सिंह एवं पूर्व विधायक विपिन वानखेड़े के साथ धीरव सिंह
