Blog

महाशिवरात्रि पर्व पूर्व बाबा बैजनाथ मंदिर परिसर में पुलिस बल की ब्रीफिंग श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन हेतु व्यापक रणनीति तैयार 400 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तैनात, अधिकारियों द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी

आगर मालवा –

महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर परिसर में शिवरात्रि के एक दिवस पूर्व पुलिस बल की विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में व्यापक सुरक्षा एवं व्यवस्थागत योजना तैयार की गई है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह द्वारा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को संबोधित करते हुए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस बल पूर्ण सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें। मंदिर परिसर, प्रवेश-निकासी मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि पुलिस कर्मी श्रद्धालुओं के साथ मित्रवत व्यवहार रखें, उन्हें मार्गदर्शन प्रदान करें एवं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित राहत एवं बचाव दल तैयार रखें।

इसके उपरांत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी आगर मोतीलाल कुशवाहा द्वारा भी पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। _अधिकारियों ने यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने, निर्धारित डायवर्जन एवं स्टापेज व्यवस्था का पालन कराने तथा मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण के प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दें एवं सुचारू व्यवस्था बनाए रखें।

महाशिवरात्रि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए मंदिर परिसर, मुख्य मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरा एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी रखी जाएगी। कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।

 महत्वपूर्ण व्यवस्था एवं निर्देश

महाशिवरात्रि ड्यूटी व्यवस्था हेतु 400 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए गए हैं।

  • मंदिर परिसर, मुख्य मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी।
  • यातायात प्रबंधन हेतु निर्धारित डायवर्जन, स्टापेज एवं पार्किंग व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
  • भीड़ नियंत्रण हेतु बैरिकेडिंग, पैदल मार्ग प्रबंधन एवं आपातकालीन सहायता दल सक्रिय रहेंगे।

इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी कोतवाली शशि उपाध्याय, थाना प्रभारी अजाक यशवंतराव गायकवाड़, निरीक्षक अक्षय सिंह बेस, निरीक्षक अनिल मालवीय, सूबेदार जगदीश यादव, सूबेदार जितेंद्र शुक्ला, महिला थाना प्रभारी सुनीता परिहार सहित कुल 400 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला पुलिस प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित यातायात एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *