आगर-मालवा-
जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध माँ बगलामुखी मंदिर में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को माँ बगलामुखी मंदिर परिसर में भव्य देवी लोक परियोजना का भूमि-पूजन कर प्रथम चरण के निर्माण कार्यों की शुरुआत की। करीब 85 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाले देवी लोक में मंदिर के भव्य शिखर से लेकर यज्ञशालाओं, कॉरिडोर, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े अनेक निर्माण कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 14 धार्मिक स्थलों पर हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
विश्व प्रसिद्ध माँ बगलामुखी मंदिर में सोमवार को भव्य देवी लोक परियोजना के प्रथम चरण का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने माँ बगलामुखी के दर्शन और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा भूमि-पूजन के बाद गैंती चलाकर निर्माण कार्यों की शुरुआत की।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन में महाकाल महालोक के निर्माण से पूरे क्षेत्र में विकास के नए अवसर बने हैं। इसी प्रकार माँ बगलामुखी देवी लोक के निर्माण से नलखेड़ा में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी और यहाँ आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आगर से सुसनेर होते हुए झालावाड़ तक फोरलेन सड़क निर्माण की योजना के साथ आमला से नलखेड़ा तक एक नए फोरलेन के निर्माण कार्य का भूमि-पूजन भी किया गया है। मंदिर के समीप बड़े ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से श्रद्धालुओं की आवाजाही अधिक सुगम होगी।
उन्होंने कहा कि माँ बगलामुखी दस महाविद्याओं में से एक हैं और नलखेड़ा का यह पवित्र स्थान तंत्र साधना एवं आस्था का वैश्विक केंद्र है। देवी लोक बनने से क्षेत्र की धार्मिक पहचान और अधिक मजबूत होगी।
कार्यक्रम में सांसद रोडमल नागर ने स्वागत उद्बोधन देते हुए नलखेड़ा-सुसनेर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने देवी लोक परियोजना को क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताया।
इस अवसर पर अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, विधायक मधु गहलोत, विधायक भेरू सिंह बापू, पूर्व विधायक राणा विक्रम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंच पर उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का माँ बगलामुखी देवी की तस्वीर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष ओम मालवीय, गोपाल परमार, रवि सोलंकी, भैरू सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में संभागायुक्त उज्जैन आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, प्रभारी पुलिस अधीक्षक, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, जिला पंचायत के सीईओ बीएस सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और श्रद्धालु भी कार्यक्रम में शामिल हुए-
मुख्यमंत्री मोहन यादव का उद्बोधन देखने के लिए इस लाइन को टच करें –
