Screenshot 20261026 091426 Gallery

आगर-मालवा-

विश्व प्रसिद्ध एवं दस महाविद्याओं में से एक, लखुंदर नदी के किनारे विराजमान त्रिशक्ति माँ बगलामुखी के पावन धाम नलखेड़ा में आज धार्मिक पर्यटन का एक नया इतिहास रचने जा रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दोपहर लगभग 3:30 बजे नलखेड़ा पहुँचकर अति-महत्वाकांक्षी ‘माँ बगलामुखी देवी लोक’ परियोजना के प्रथम चरण का विधिवत भूमि पूजन करेंगे।

​55 एकड़ में आकार लेगा भव्य ‘देवी लोक’-

​शासन द्वारा स्वीकृत योजना के अनुसार संपूर्ण माँ बगलामुखी देवी लोक का निर्माण 55 एकड़ के विशाल क्षेत्र में किया जा रहा है। इसके प्रथम चरण में ₹85.40 करोड़ की लागत से अत्यंत भव्य और दिव्य निर्माण कार्य संपादित किए जाएँगे। देवी लोक के निर्माण से जहाँ एक ओर देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुलभ एवं सुव्यवस्थित दर्शन लाभ मिलेगा, वहीं क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भारी बढ़ावा मिलेगा।

​प्रथम चरण के प्रमुख निर्माण कार्य एवं विशेषताएँ:-

​108 फीट ऊँचा भव्य शिखर: मुख्य मंदिर का निर्माण 2,800 वर्गमीटर क्षेत्र में होगा। इसका शिखर 108 फीट ऊँचा बनाया जाएगा, जो दूर से ही श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगा। इसमें गर्भगृह, ऊपरी संरचना एवं आकर्षक नक्काशीदार पत्थर की क्लैडिंग शामिल है।

​220 यज्ञशालाएँ एवं गौशाला: अनुष्ठान व वैदिक यज्ञों हेतु परिसर में एक साथ 220 यज्ञशालाओं का विकास किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 625 वर्गमीटर क्षेत्र में एक आधुनिक गौशाला का निर्माण प्रस्तावित है।

​कॉरिडोर व भव्य प्रवेश द्वार: श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए मंदिर कॉरिडोर, प्रांगण तथा सुरक्षा की दृष्टि से 4 भव्य प्रवेश द्वारों के साथ संपूर्ण 55 एकड़ परिसर की बाउंड्री वॉल बनाई जाएगी।

​सुरक्षा एवं जन-सुविधाएँ: परिसर में विशिष्ट अतिथियों के लिए VVIP भवन, चारपहिया एवं बस पार्किंग, आधुनिक शौचालय ब्लॉक, लैंडस्केपिंग, हरित उद्यान, फसाड लाइटिंग, अग्निशमन व आंतरिक विद्युत-प्लंबिंग की मुकम्मल व्यवस्था होगी।

लखुंदर नदी के तट पर स्थित माँ बगलामुखी मंदिर सदियों से अगाध आस्था का केंद्र रहा है। इस भव्य ‘देवी लोक’ के बनने से नलखेड़ा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

यह भी पड़े

error: Content is protected !!