Screenshot 20260425 213258 Gallery

आगर-मालवा-

मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 का आयोजन 26 अप्रैल 2026 को दो सत्रों में किया जाएगा। परीक्षा ओएमआर पद्धति से प्रातः 10:00 से 12:00 बजे तथा दोपहर 02:15 से 04:15 बजे तक आयोजित होगी। इस वर्ष परीक्षा नवीन सुरक्षा एवं जांच प्रक्रिया के साथ संपन्न कराई जाएगी।

आयोग के निर्देशानुसार परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाने हेतु त्रिस्तरीय जांच प्रणाली लागू की गई है। इसके अंतर्गत परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, प्रवेश पत्र की स्कैनिंग एवं हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) के माध्यम से जांच की जाएगी। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 90 मिनट पूर्व केन्द्र पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा।

परीक्षा केन्द्रों के प्रवेश द्वार पर अनुमत एवं वर्जित वस्तुओं की सूची प्रदर्शित की जाएगी, जिसका पालन करना आवश्यक होगा। दोनों सत्रों में अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग की जाएगी। पुरुष अभ्यर्थियों की जांच पुरुष वीक्षक एवं महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला वीक्षक द्वारा पृथक कक्ष (केबिन) में की जाएगी। ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों को अपनी सुविधा अनुसार जांच के लिए कर्मचारी चुनने का विकल्प दिया जाएगा।

अभ्यर्थी अपने साथ केवल बॉलपेन, पारदर्शी पानी की बोतल, ई-प्रवेश पत्र एवं वैध पहचान पत्र ही ला सकेंगे। अन्य किसी भी प्रकार की सामग्री परीक्षा केन्द्र में प्रतिबंधित रहेगी।

वर्जित वस्तुएं एवं निर्देश

परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग को रोकने हेतु कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं। अभ्यर्थियों को जूते-मोजे पहनकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी, वे चप्पल या सैंडल पहनकर ही आएं। चेहरा ढंककर प्रवेश वर्जित रहेगा।

इसके अतिरिक्त पेंसिल, रबर (इरेजर), व्हाइटनर, क्लचर/बक्कल, सभी प्रकार की घड़ियां, हाथ के बैंड (मेटलिक/चमड़े), बेल्ट, धूप का चश्मा, पर्स/वॉलेट, टोपी आदि सामग्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।

हालांकि, हिजाब, पगड़ी, पल्ला, हाथ में बंधे धार्मिक धागे या ताबीज का सम्मानपूर्वक सूक्ष्म परीक्षण किया जाएगा तथा महिलाओं के आभूषण उतरवाए नहीं जाएंगे।

जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समय पर परीक्षा केन्द्र पहुंचें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।