आगर मालवा –
सुसनेर तहसील के ग्राम बराई के ग्रामीणों ने विद्युत कंपनी पर सार्वजनिक रास्ता बंद करने और एक व्यक्ति को विशेष लाभ देने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर और विद्युत कंपनी के जिला अधीक्षण यंत्री, सुसनेर के कार्यपालन यंत्री एवं सोयत के कनिष्ठ यंत्री को शिकायती पत्र सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि एम.पी.ई.बी. द्वारा गांव में विद्युत ग्रिड निर्माण का कार्य किया जा रहा है, जिसके लिए भूमि सर्वे क्रमांक 1759 एवं 2661 पर कार्य चल रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार उक्त भूमि का सीमांकन पूर्व में हो चुका है, लेकिन सीमांकन की शासकीय भूमि पर शिवलाल पिता बाला द्वारा लगभग 30×30 यानी करीब 900 वर्गफीट का कब्जा बताया जा रहा था। आरोप है कि अब उसी भूमि पर लगभग 6400 वर्गफीट में बिना अनुमति पक्का मकान निर्माण कर लिया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि एम.पी.ई.बी. और ठेकेदार की मिलीभगत से ग्रिड के निर्माण कार्य को तोड़कर शिवलाल के मकान तक जाने के लिए करीब 12 फीट चौड़ा और लगभग 150 फीट लंबा रास्ता बनाया जा रहा है। बताया गया है कि इसके बाद आगे का रास्ता बंद कर दिया गया है, जिससे अन्य ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बरसात के समय तथा रोजमर्रा के आवागमन में लोगों और पशुओं को इस रास्ते की जरूरत पड़ती है, लेकिन रास्ता बंद होने से समस्या बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि शासकीय भूमि पर किसी एक व्यक्ति को विशेष रूप से रास्ता देने के बजाय सभी ग्रामीणों के लिए सार्वजनिक मार्ग खुला रखा जाए। इस मामले में प्रशासन से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है-

