आगर-मालवा-
जिला पुलिस आगर-मालवा ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बड़ोद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भोपाल से आ रहे दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 71.36 ग्राम एमडी (MD) ड्रग्स और एक कार समेत कुल 13 लाख 78 हजार 600 रुपये की मशरूका बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी रूप सिंह बेस के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
आलोट बायपास पर की गई घेराबंदी
पुलिस को 2 नवंबर 2026 को मुखबिर से विशेष सूचना मिली थी कि भोपाल के दो संदिग्ध व्यक्ति सफेद रंग की हुंडई औरा कार (क्रमांक MP 04 ZL 2279) में अवैध मादक पदार्थ लेकर बड़ोद से जहांगीरपुरा रोड, आलोट बायपास के रास्ते गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही थाना बड़ोद पुलिस ने तत्काल दो स्वतंत्र पंचों के साथ जहांगीरपुरा रोड स्थित कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद बताए गए हुलिए की गाड़ी को रोककर उसमें सवार लोगों से पूछताछ की गई।
गियर बॉक्स के पास छुपा रखा था ड्रग्स
तलाशी के दौरान वाहन के गियर बॉक्स के पास बने बॉक्स में एक पारदर्शी प्लास्टिक की थैली में सफेद दानेदार एमडी ड्रग्स बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे पर वजन करने पर यह 71.36 ग्राम पाया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
शाकिर अंसारी (28 वर्ष), निवासी वार्ड नं. 42, बाग फरहद अफजा, ऐशबाग, भोपाल।
शाहिद खान (19 वर्ष), निवासी वार्ड नं. 35, रसिदिया स्कूल के पास, जहांगीराबाद, भोपाल।
कुल जप्त सामग्री एवं अनुमानित कीमत:
71.36 ग्राम MD ड्रग्स: ₹7,13,600/-
हुंडई औरा कार (MP 04 ZL 2279): ₹6,00,000/-
Apple मोबाइल फोन: ₹55,000/-
Vivo मोबाइल फोन: ₹10,000/-
नगद राशि: ₹3,500/-
कुल जप्त संपत्ति: ₹13,78,600/-
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
थाना बड़ोद में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी सुराग तलाशे जा रहे हैं।
सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में निरीक्षक रूपसिंह बैंस, ASI दरबारसिंह पंवार, प्रधान आरक्षक अर्जुन बागड़ी, सतीश मोदी, राकेश शर्मा तथा आरक्षक शुभम जोशी, श्रीपालसिंह देवड़ा, सुग्रीव जाटव, भीमसिंह मालवीय, आकाश टेकाम, अर्जुन आंजना और महिला आरक्षक रानू राठौर की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।
