आगर मालवा –
लघु उद्योग भारती आगर इकाई द्वारा रविवार, 15 मार्च 2026 को नवीन औद्योगिक क्षेत्र उज्जैन रोड स्थित एमपीआईडीसी कार्यालय में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों, उद्यमियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लघु उद्योग भारती राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं अखिल भारतीय मीडिया प्रमुख अतीत अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश तिवारी, जीएसटी विशेषज्ञ एवं प्रांत सह कोषाध्यक्ष राजेश माहेश्वरी, संभाग सहसचिव सुभाष मंडलोई, लघु उद्योग भारती शाजापुर इकाई के अध्यक्ष किशोर प्रजापति तथा विद्युत मंडल के डीई धाकड़ विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के आगमन के बाद मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं स्वागत से हुई। इस अवसर पर इकाई अध्यक्ष ललित कोठारी ने संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों और गतिविधियों की जानकारी दी।
इसके बाद प्रदेश सचिव राजेश अरोड़ा ने औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना के दौरान आई चुनौतियों और उन्हें दूर करने में प्रशासन के सहयोग के बारे में बताया। उन्होंने क्षेत्र में नए उद्योग स्थापित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में जीएसटी विशेषज्ञ राजेश माहेश्वरी ने उद्यमियों को जीएसटी से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों, उद्योग स्थापना के लिए आवश्यक दस्तावेजों और लाइसेंस संबंधी प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश तिवारी ने संगठन की भूमिका और महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए शाजापुर इकाई की उपलब्धियों की सराहना की और सभी को बधाई दी। वहीं मुख्य अतिथि अतीत अग्रवाल ने कहा कि संगठन की शक्ति और सामूहिक प्रयासों से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में प्रदेश सचिव राजेश अरोड़ा ने सभी अतिथियों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। होली मिलन के इस आयोजन में क्षेत्र के अनेक उद्यमियों ने भाग लेकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं-

