आगर मालवा-
जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली थाना पुलिस ने 613 किलो 600 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा से भरे कंटेनर ट्रक को जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए मश्रुका की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 53 लाख रुपये आंकी गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार बोयट ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर ट्रक में सोया डीओसी की बोरियों के बीच छिपाकर डोडाचूरा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आगर-सारंगपुर मार्ग स्थित गणेश घाटी पर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी में 325 बोरियों में से 31 काली बोरियों में छिपाकर रखा गया डोडाचूरा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 613 किलो 600 ग्राम पाया गया। कंटेनर चालक की पहचान विकर सिंह (निवासी जिला तरन तारन, पंजाब) के रूप में हुई, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कंटेनर ट्रक, दो मोबाइल फोन, नगद राशि एवं अन्य सामग्री भी जब्त की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थ के स्रोत और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
👮 सराहनीय भूमिका (पुलिस टीम):
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी शशि उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम के उनि संजय गुनेरा, सउनि अजय जाट, प्रआर सुनील पटेल, प्रआर रमेश जोशी, प्रआर मानवेन्द्र गुर्जर, प्रआर ऋतुराज सोलंकी, प्रआर गिरजाशंकर त्रिपाठी, प्रआर बाबू बबेरिया, आरक्षक दीपक सोलंकी, आरक्षक परवेज खान, आरक्षक रवि राठौर, आरक्षक सुनील नागर एवं आरक्षक कुलदीप राजेश दांगी की सराहनीय भूमिका रही।

