आगर मालवा-
प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई, गैस सिलेंडरों की किल्लत और किसानों पर विद्युत मंडल द्वारा की जा रही कुर्की कार्रवाई के विरोध में आज जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में छावनी चौराहे पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं उपस्थिति रहे।
धरना समाप्ति के बाद कार्यकर्ताओं ने आक्रोश रैली निकाली, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कलेक्टर कार्यालय पहुंची। रैली के दौरान “महंगाई हटाओ” और “किसान विरोधी नीतियां बंद करो” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जिला कांग्रेस कमेटी ने एडीएम आर. पी. वर्मा को ज्ञापन सौंपते हुए जिले और प्रदेश की समस्याओं से अवगत कराया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय लक्ष्मी तंवर ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया, गैस सिलेंडरों की किल्लत दूर नहीं हुई और किसानों के खिलाफ कुर्की कार्रवाई बंद नहीं की गई, तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।
इस दौरान पूर्व विधायक वल्लभभाई अम्बावतीया, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता गुड्डू लाला सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, शहर अध्यक्ष, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

