Screenshot 20260416 214056 Gallery

आगर-मालवा-

अपर कलेक्टर आर.पी. वर्मा ने जनगणना-2027 के अंतर्गत आयोजित प्रशिक्षण सत्रों में अनुपस्थित कर्मचारियों की जानकारी समय पर न भेजे जाने को लेकर कड़ा रुख अपनाया है।

अपर कलेक्टर ने समस्त एसडीएम, तहसीलदार एवं सीएमओ को निर्देशित किया है कि प्रशिक्षण सत्र प्रातः 10:00 बजे प्रारंभ होने के उपरांत अधिकतम 11:00 बजे तक अनुपस्थित कर्मचारियों की जानकारी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सूचना प्रेषण में हो रहे विलंब को गंभीरता से लिया जा रहा है तथा आगामी प्रशिक्षण सत्रों में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि निर्धारित समय 11:00 बजे तक अनुपस्थित कर्मचारियों की जानकारी प्राप्त नहीं होती है, तो इसे सभी कर्मचारियों की उपस्थिति मान लिया जाएगा। इसके पश्चात यदि विलंब से अनुपस्थिति की सूचना भेजी जाती है, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

निर्देशानुसार, अनुपस्थित कर्मचारियों की जानकारी संबंधित चार्ज अधिकारी द्वारा व्यक्तिगत रूप से जनगणना ग्रुप एवं जिला ग्रुप पर समय-सीमा में साझा करना सुनिश्चित किया जाएगा।

अपर कलेक्टर श्री वर्मा ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा है, ताकि जनगणना कार्य सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सके।