आगर-मालवा। जिले के धार्मिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को जन-जन तक पहुंचाने और आगर-मालवा को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। सेवानिवृत्त शिक्षक रामेश्वर कारपेंटर द्वारा संकलित सचित्र पुस्तक ‘देवों की धरा आगर-मालवा’ का विमोचन कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना ने कलेक्टर कार्यालय में किया। इस अवसर पर पुस्तक के लेखक रामेश्वर कारपेंटर के साथ ही पत्रकार नजीर अहमद, गिरीश सक्सेना, सचिन जैन, प्रेस क्लब अध्यक्ष धीरप हाडा एवं हरिनारायण यादव भी उपस्थित रहे
36 पृष्ठों की इस सचित्र पुस्तक में आगर-मालवा जिले के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों की जानकारी संकलित की गई है। खास बात यह है कि पुस्तक में केवल इन स्थलों का धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व ही नहीं बताया गया है, बल्कि पर्यटक इन स्थानों तक कैसे पहुंच सकते हैं, इसकी जानकारी देने का भी प्रयास किया गया है।
इस संकलन में मां बगलामुखी धाम नलखेड़ा, बाबा बैजनाथ लोक आगर , बालाजी मंदिर पिपलिया खेड़ा सोयत, मां तुलजा भवानी मंदिर गुफा बड़ला आगर , श्री हरसिद्धि माता मंदिर बिजानगरी, मां चामुंडेश्वरी बड़ागांव, श्री गोदाम महातीर्थ पथमेड़ा, लाल माता मंदिर तनोडिया, पचेटी बड़ी माता मंदिर, गणेश टेकरी झोटा चौकी चिपिया, वाराही माता मंदिर बराई सोयत, हनुमान मंदिर कालवा श्यामपुरा सुसनेर, नीलकंठेश्वर महादेव मोरूखेड़ी, मोती सागर तालाब आगर, और भानपुरा होमस्टे सहित जिले के अनेक महत्वपूर्ण स्थलों को स्थान दिया गया है।
पुस्तक के संकलनकर्ता रामेश्वर कारपेंटर के अनुसार, इस कार्य के पीछे परम पूज्य गुरुदेव त्यागी रामस्वरूप दास जी की निरंतर प्रेरणा रही है। इसी प्रेरणा का परिणाम है कि वर्ष 2016 में प्रकाशित उनकी पुस्तक ‘मालवा का चित्रकूट आगर-मालवा’ के लगभग दस वर्ष बाद उन्होंने एक बार फिर जिले के पर्यटन स्थलों को संकलित करने का बीड़ा उठाया।
इसके लिए उन्होंने लगातार तीन माह तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया और धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थलों की जानकारी जुटाकर इस पुस्तक को तैयार किया।
इस पुस्तक का मुख्य उद्देश्य जिले के ऐसे धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है, ताकि प्रदेश सहित अन्य क्षेत्रों से आने वाले पर्यटक आगर-मालवा की धार्मिक विरासत और प्राकृतिक सुंदरता से परिचित हो सकें। साथ ही जिले में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिले और स्थानीय पर्यटन स्थलों को नई पहचान प्राप्त हो।
उम्मीद है कि ‘देवों की धरा आगर-मालवा’ पुस्तक जिले की धार्मिक एवं पर्यटन विरासत को सामने लाने के साथ ही पर्यटकों के लिए एक उपयोगी मार्गदर्शिका साबित होगी।

