Screenshot 20261114 115936 Gallery

आगर-मालवा-

मध्यप्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि के रूप में नीमच जिले की रामपुरा तहसील के ग्राम खिमला में देश की सबसे बड़ी पंप स्टोरेज हाइड्रो इलेक्ट्रिक परियोजनाओं में शामिल एक महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण तेजी से जारी है। ग्रीनको ग्रुप द्वारा विकसित की जा रही गांधीसागर पंप स्टोरेज परियोजना की कुल विद्युत उत्पादन क्षमता 1,920 मेगावाट है। लगभग 11,470 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना के पूरा होने से न केवल प्रदेश बल्कि देश में भी में पीक अवर ( जब बिजली की अधिक आवश्यकता होती है ) में बिजली की उपलब्धता में वृद्धि होगी जिसके चलते बिजली की मांग के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग आगर-मालवा द्वारा पत्रकारों को इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भ्रमण कराया गया। इस दौरान पत्रकारों को परियोजना की निर्माण प्रक्रिया, तकनीकी विशेषताओं, बिजली उत्पादन की कार्यप्रणाली और भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराया गया।

दो जलाशयों के माध्यम से होगा बिजली उत्पादन

यह परियोजना पारंपरिक हाइड्रो पावर प्लांट से अलग तकनीक पर आधारित है। इसमें दो जलाशयों का उपयोग किया जाएगा। निचला जलाशय पहले से मौजूद गांधीसागर से जुडा जलाशय होगा , जो मंदसौर जिले में चंबल नदी पर स्थित है, जबकि पहाड़ी क्षेत्र में ग्रीनको द्वारा ऊपरी जलाशय का निर्माण किया जा रहा है।

परियोजना की खासियत यह है कि दिन के समय सौर ऊर्जा अथवा अन्य माध्यमो से सस्ती बिजली का उपयोग करते हुए टू वे टरबाइन पम्पो की सहायता से निचले जलाशय का पानी ऊपरी जलाशय में पहुंचाकर संग्रहित किया जाएगा। इसके बाद रात में जब बिजली की मांग बढ़ेगी तब ऊपरी जलाशय से पानी को इन्ही टरबाइन पर गिराते हुए बिजली का उत्पादन किया जाएगा । पानी के तेज प्रवाह से टरबाइन संचालित होंगी और लगभग 1,920 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जा सकेगा। इस तरह एक ही पानी का बार-बार उपयोग कर बिजली बनाई जाएगी।

9 रिवर्सिबल टरबाइन करेंगी बिजली उत्पादन

परियोजना में कुल 9 रिवर्सिबल फ्रांसिस टरबाइन स्थापित की जा रही हैं। इनमें 240 मेगावाट क्षमता की 7 यूनिट और 120 मेगावाट क्षमता की 2 यूनिट शामिल हैं। परियोजना की कुल ऊर्जा भंडारण क्षमता 10,326 मेगावाट घंटा निर्धारित है और इस भंडारण का उपयोग पीक अवर में बिजली उपलब्ध कराने के लिए किया जाएगा।

इसके तहत ऊपरी जलाशय की भंडारण क्षमता लगभग 1.90 टीएमसी होगी। इसके लिए करीब 5,970 मीटर लंबा एस्फाल्ट फेस रॉकफिल बांध बनाया जा रहा है, जिसकी ऊंचाई 31 से 35 मीटर तक होगी।

परियोजना में प्रतिदिन पानी का पुनर्चक्रण किया जाएगा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, गांधीसागर जलाशय की कुल 270.321 टीएमसी जल क्षमता में से लगभग 1.24 टीएमसी पानी के पुनर्परिसंचरण की आवश्यकता होगी और इस पूरी प्रक्रिया में जल की मात्रा लगभग पूरी तरह सुरक्षित रहेगी ।

80 किलोमीटर लंबी ट्रांसमिशन लाइन से जुड़ेगा ग्रिड

परियोजना से उत्पादित बिजली को राष्ट्रीय ग्रिड तक पहुंचाने के लिए नीमच स्थित पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (PGCIL) सब-स्टेशन से जोड़ा जाएगा। इसके लिए लगभग 80 किलोमीटर लंबी 420 केवी डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण किया जाएगा। परियोजना के लिए लगभग 402.50 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता बताई गई है।

परियोजना की चक्र दक्षता लगभग 79.44 प्रतिशत और मशीनों की उपलब्धता 95 प्रतिशत रहने का अनुमान है। इससे बिजली की मांग और उपलब्धता के बीच संतुलन बनाने में मदद मिलेगी।

2026-27 में बिजली उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य

इस परियोजना का शिलान्यास 4 अक्टूबर 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से किया गया था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वर्ष 2026-27 के अप्रेल – मई माह से बिजली उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

ऊर्जा के बेहतर उपयोग में साबित होगी मील का पत्थर

बदलते समय में सौर और पवन ऊर्जा जैसे नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों का उत्पादन लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इनसे मिलने वाली बिजली हर समय एक समान उपलब्ध नहीं रहती। ऐसे में पंप स्टोरेज परियोजनाएं अतिरिक्त बिजली को संग्रहित कर जरूरत के समय वापस बिजली उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रही हैं।

नीमच जिले के खिमला में निर्माणाधीन यह परियोजना मध्यप्रदेश को ऊर्जा भंडारण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की क्षमता रखती है। इसके माध्यम से दिन में उपलब्ध अतिरिक्त ऊर्जा का उपयोग रात में बिजली की मांग पूरी करने के लिए किया जा सकेगा। निश्चित रूप से यह परियोजना प्रदेश की ऊर्जा व्यवस्था को अधिक मजबूत, संतुलित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

यह भी पड़े

error: Content is protected !!