Screenshot 20260717 201027 Gallery

​आगर मालवा।

मध्य प्रदेश कांग्रेस में अंदरूनी गुटबाजी और कलह एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। आगर मालवा जिले की नलखेड़ा तहसील में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह उर्फ़ राहुल भैया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब सुसनेर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक भैरुसिंह परिहार उर्फ “बापू” ने मंच से ही अपनी ही पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह उर्फ ‘राहुल भैया’ की मौजूदगी में विधायक ने प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और भोपाल में बैठे आला नेताओं को दो-टूक शब्दों में खुली चुनौती दे डाली।

बैनर से फोटो गायब और आमंत्रण न मिलने पर भड़के विधायक

​दरअसल, यह पूरा विवाद प्रोटोकॉल और तवज्जो न मिलने को लेकर शुरू हुआ। तहसील स्तरीय इस कार्यकर्ता सम्मेलन में न तो क्षेत्रीय विधायक भैरुसिंह बापू को कोई औपचारिक सूचना दी गई थी और न ही आयोजन स्थल पर लगे बैनर-पोस्टरों में उनका चेहरा शामिल किया गया था।

​विधायक ने मंच संभालते ही बेहद आक्रामक रुख अपनाया और कहा कि जब उन्होंने इस व्यवहार को लेकर मुख्य अतिथि अजय सिंह से बात की, तो उनका जवाब भी निराशाजनक था। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रम के दौरान उन्हें विधायकों से चर्चा नहीं करनी है। इस अपमान से बिफरे विधायक ने माइक थामकर मंच से ही पूरी प्रदेश लीडरशिप की क्लास लगा दी।

2028 में भी नहीं बनेगी सरकार, बड़े लीडर ही निपटा रहे हैं कांग्रेस को-

​कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक भैरु सिंह बापू ने कांग्रेस की चुनावी संभावनाओं पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा:

​”वर्तमान भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता पूरी तरह त्रस्त है और बदलाव चाहती है, लेकिन कांग्रेस के बड़े लीडर ही आपस में एक-दूसरे को निपटाने में लगे हैं। अगर यही हाल रहा, तो 2028 में भी कांग्रेस की सरकार नहीं बनने वाली।”

प्रदेश अध्यक्ष की तुलना की महाभारत के धृतराष्ट्र से

​उन्होंने आगे सीधे प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को निशाने पर लेते हुए उनकी तुलना महाभारत के धृतराष्ट्र तक से कर दी कहा कि कौरवों का नाश इसलिए हुआ था क्योंकि धृतराष्ट्र की आंखें नहीं थी, क्या प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की भी आंखें नहीं है ? जो प्रदेश में इस तरह के कार्यकर्ता सम्मेलन किया जा रहे हैं जिसमें चुने हुए जनप्रतिनिधियों को ही दर किनार किया जा रहा है और उनको हारने की साजिश हो रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पहले अपना घर सुधारें। विधायक ने दो-टूक कहा, “मेरी कही एक-एक बात सच है, अगर किसी को बुरा लगा हो तो मुझे घर जाने को कह दे, मैं और मेरे कार्यकर्ता अपने घर चले जाएंगे।”

भाषण रोकने पर बढ़ी तल्खी, कार्यकर्ताओं संग किया वॉकआउट

​जब विधायक मंच से अपना गुस्सा जाहिर कर रहे थे, तभी मंच पर मौजूद जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती विजयलक्ष्मी तंवर ने उन्हें टोकने और रोकने का प्रयास किया। इससे विधायक बापू और अधिक नाराज हो गए। उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कार्यक्रम का बहिष्कार करते हुए बड़ी संख्या में समर्थकों व कार्यकर्ताओं को अपने साथ लेकर आयोजन स्थल से रवाना हो गए।

टिकट की दावेदारी और वर्चस्व की जंग

​राजनैतिक गलियारों में चर्चा है कि इस पूरे विवाद की जड़ सुसनेर विधानसभा क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई है। दरअसल, जिला अध्यक्ष श्रीमती विजयलक्ष्मी तंवर पिछले विधानसभा चुनाव की तरह आगामी विधानसभा चुनाव में भी सुसनेर सीट से टिकट की मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं। यही वजह है कि वर्तमान विधायक भैरु सिंह ” बापू ” और जिला अध्यक्ष के बीच लंबे समय से खींचतान चल रही है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह ने कहा:-

वही जब इस पूरे घटनाक्रम के बारे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह से पत्रकारों ने पूछा तो उन्होंने विधायक भेरुसिंह बापू के पूरे आचरण को अनुचित बताया और कहां की पार्टी की तरफ से इस आयोजन की सूचना विधायक को दी गई थी और यदि कोई बात थी भी तो उसे पार्टी के उचित फोरम पर उचित तरीके से उठाया जाना चाहिए।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल:-

कार्यक्रम में हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वरिष्ठ नेता अजय सिंह की मौजूदगी में हुए इस घटनाक्रम ने दिल्ली से लेकर भोपाल तक कांग्रेस आलाकमान की चिंताएं बढ़ा दी हैं, वहीं विपक्षी दल भाजपा को बैठे-बिठाए कांग्रेस को घेरने का एक बड़ा मुद्दा मिल गया है।

न्यूज़ से संबंधित वीडियो देखने के लिए इस लिंक को टच करे –

यह भी पड़े