आगर-मालवा। मालवा अंचल में औद्योगिक विकास की संभावनाओं को नई उड़ान मिलती नजर आ रही है। कनाडा के बाद अब फ्रांस की बहुराष्ट्रीय कंपनी सैफ़लेट माल्ट ने आगर-मालवा जिले में करीब 1200 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। कंपनी यहां जौ से माल्ट तैयार करने वाली अत्याधुनिक औद्योगिक इकाई स्थापित करना चाहती है। इसके लिए औद्योगिक पार्क में 20 हेक्टेयर जमीन की मांग की गई है।
इस प्रस्तावित निवेश से न केवल जिले के औद्योगिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है, बल्कि आसपास के पांच जिलों के किसानों के लिए भी नए अवसर खुल सकते हैं। कंपनी की योजना आगर-मालवा, उज्जैन, शाजापुर, देवास और मंदसौर के 50 हजार से अधिक किसानों को अपने साथ जोड़ने की है। इसके तहत प्रतिवर्ष लगभग 2.50 लाख टन जौ की खरीदी प्रस्तावित है।
परियोजना स्थापित होने पर करीब 500 लोगों को प्रत्यक्ष और 500 लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना जताई गई है। इस तरह कुल 1000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं।
प्रस्तावित इकाई में जौ का प्रसंस्करण कर माल्ट तैयार किया जाएगा। इसका उपयोग खाद्य प्रसंस्करण और पेय पदार्थ उद्योग में किया जाता है। बिस्किट, ब्रेड, बेकरी उत्पाद, चॉकलेट और विभिन्न पेय पदार्थों के निर्माण में माल्ट की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। स्थानीय स्तर पर ऐसी इकाई स्थापित होने से कृषि आधारित उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।
किसानों को बीज से लेकर तकनीकी प्रशिक्षण तक सहयोग
कंपनी की योजना किसानों को केवल जौ की खरीदी तक सीमित रखने की नहीं है। किसानों को उन्नत किस्म के बीज, कृषि विशेषज्ञों की सलाह, आधुनिक खेती की तकनीक और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन का प्रशिक्षण देने की भी योजना है। इससे किसानों को अपनी उपज के लिए एक बड़ा औद्योगिक खरीदार उपलब्ध हो सकेगा।
औद्योगिक पार्क फेज-3 के लिए 107.50 हेक्टेयर जमीन
जिले में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं को देखते हुए कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीणा ने औद्योगिक पार्क के फेज-3 के विकास के लिए 107.50 हेक्टेयर जमीन उपलब्ध कराई है। इसी क्षेत्र में सैफ़लेट माल्ट की प्रस्तावित इकाई के लिए 20 हेक्टेयर जमीन दिखाई गई है।
एमपीआईडीसी के कार्यकारी संचालक राजेश राठौड़ के अनुसार कंपनी की ओर से निवेश का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। कंपनी को जमीन दिखाई गई है तथा आगे की प्रक्रिया जारी है। भूमि आवंटन और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद परियोजना की स्थापना की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।
भारत में पहले से संचालित है कंपनी की इकाई
फ्रांस की सैफ़लेट माल्ट कंपनी वर्ष 2014 से भारत में व्यावसायिक रूप से मौजूद है। राजस्थान के अलवर में कंपनी की माल्ट निर्माण इकाई पहले से संचालित है। अब आगर-मालवा में प्रस्तावित निवेश से मालवा क्षेत्र को कृषि आधारित औद्योगिक पहचान मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल यह निवेश प्रस्तावित है। वास्तविक निवेश, भूमि आवंटन और परियोजना की स्थापना आगे की औपचारिक प्रक्रियाओं पर निर्भर करेगी।
