आगर मालवा। धर्म, आस्था और महिला शक्ति के महासंगम का साक्षी बना आगर गुरुवार को 51 हजार कलश यात्रा के भव्य आयोजन से भक्तिमय नजर आया। बारिश के चलते स्थगित हुई यह विशाल कलश यात्रा आज 13 अगस्त को उत्साह और उमंग के साथ निकाली गई। हजारों की संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति में झूमते हुए यात्रा में शामिल हुए।
विधायक मधु गहलोत के नेतृत्व में पुरानी कृषि उपज मंडी प्रांगण से शुरू हुई कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। यात्रा के दौरान पूरा शहर भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं में आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
कलश यात्रा पुरानी कृषि उपज मंडी से प्रारंभ होकर हाटपुरा, सर्राफ बाजार, नाना बाजार, झंडा चौक और छावनी नाका होते हुए प्राचीन श्री बैजनाथ महादेव मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं द्वारा बाबा बैजनाथ महादेव को जल अर्पित कर जलाभिषेक किया गया। इसके साथ ही भव्य 51 हजार कलश यात्रा का विधिवत समापन हुआ।
मुख्यमंत्री ने वर्चुअली किया संबोधित
आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी वर्चुअली जुड़े। उन्होंने पुरानी कृषि उपज मंडी प्रांगण में बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं को संबोधित किया और इस भव्य धार्मिक आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
शिव भक्ति में डूबा आगर
कलश यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के भजनों और जयकारों पर झूमते नजर आए। पूरे यात्रा मार्ग पर धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा। महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को विशेष रूप से आकर्षक बना दिया। यात्रा के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ नजर आई।
पिछले वर्ष 11 हजार कलश यात्रा का हुआ था आयोजन
उल्लेखनीय है कि विधायक मधु गहलोत द्वारा पिछले वर्ष 11 हजार कलशों की यात्रा का आयोजन किया गया था। इस वर्ष इसे और व्यापक रूप देते हुए 51 हजार कलश यात्रा का आयोजन किया गया
51 हजार कलशों की इस भव्य यात्रा के समापन के साथ आगर एक बार फिर धर्म, आस्था, महिला शक्ति और जनभागीदारी के अद्भुत संगम का साक्षी बना-
