Screenshot 20260617 001638 Gallery

​आगर मालवा –

​अधिकारी बनने का सपना आँखों में सँजोए, यूपीएससी (UPSC) परीक्षा की तैयारी कर रहे एक होनहार युवक ने ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से तंग आकर मौत को गले लगा लिया। युवक राहुल पिता रामकरण सूर्यवंशी (27), जो मूल रूप से आगर मालवा जिले के नलखेड़ा क्षेत्र के ग्राम झाडला का रहने वाला था, उज्जैन के नागझिरी क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर प्रशासनिक सेवा में जाने की तैयारी कर रहा था।

​घटना का खुलासा तब हुआ जब सोमवार दोपहर करीब 3:00 बजे उसका दोस्त सुभाष परीक्षा देकर उसके कमरे पर लौटा। सुभाष को राहुल का शव फंदे पर लटका मिला। उसने तुरंत नागझिरी पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और तलाशी के दौरान 5 पेज का एक विस्तृत सुसाइड नोट बरामद किया है।

बिना दहेज की थी शादी, फिर भी शुरू हुआ प्रताड़ना का दौर-

​सुसाइड नोट के मुताबिक, राहुल का सपना आईएएस (IAS) बनने का था। इसी बीच 10 फरवरी को उसकी शादी आगर की मन्नत उर्फ कविता कामरिया निवासी आगर से हुई थी। राहुल ने आदर्श पेश करते हुए शादी में एक रुपया भी दहेज नहीं लिया था। लेकिन सुसाइड नोट के अनुसार शादी के महज 10 दिन बाद ही उसकी सास सिद्धिका कामरिया, ससुर गोपाल सिंह चौहान (पोस्टमैन) और पत्नी कविता ने मिलकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

₹5 लाख और तलाक के लिए मिल रही थी धमकियाँ-

​राहुल ने सुसाइड नोट मे लिखा कि उसकी सास लगातार फोन कर ₹5 लाख की नगद राशि और बेटी से तलाक की मांग कर रही थी। राशि न देने पर पूरे परिवार को दहेज प्रताड़ना के झूठे केस में फंसाने की धमकियां दी जा रही थीं। इस रोज-रोज के मानसिक टॉर्चर और ब्लैकमेलिंग के कारण राहुल इतना टूट चुका था कि वह 21 मई को आयोजित हुई अपनी यूपीएससी की परीक्षा भी ठीक से नहीं दे पाया। अंततः ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से हारकर उसने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठा लिया है । इसके साथ ही सुसाइड नोट मे उसने आरोपियों पर इस तरह का स्कैम लगातार करने का आरोप भी लगाया हे।

इनका कहना है:-

“राहुल यहाँ नागझिरी क्षेत्र में रहकर पढ़ाई कर रहा था। मृतक के पास से 5 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। इसकी वैज्ञानिक व फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। फिलहाल मर्ग कायम कर शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया गया है और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। जांच के बाद नामजद आरोपियों पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”

– कमल निगवाल (टीआ‌ई, थाना नागझिरी, उज्जैन)

यह भी पड़े