आगर-मालवा। भारत रत्न और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती आज आगर-मालवा जिले में बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिला मुख्यालय आगर सहित सुसनेर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर बाबा साहेब के योगदान को याद किया गया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
आगर: कांग्रेस ने मनाया उत्सव, नवनियुक्त अध्यक्ष सूर्यवंशी का हुआ सम्मान

जिला मुख्यालय पर जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के नेतृत्व में जिला पंचायत स्थित अंबेडकर पार्क में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजयलक्ष्मी तंवर और प्रदेश प्रवक्ता गुड्डू लाला की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। पूरा परिसर “जय भीम” और “बाबा साहब अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।
इस दौरान नवनियुक्त जिला कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ अध्यक्ष गौरीशंकर सूर्यवंशी का वरिष्ठ नेताओं द्वारा साफा बांधकर और पुष्पमाला पहनाकर विशेष सम्मान किया गया। सूर्यवंशी ने कहा कि बाबा साहेब के सिद्धांतों पर चलकर संगठन को मजबूत किया जाएगा और आगामी चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज की जाएगी। इस अवसर पर देवकरण गुर्जर, राव नरेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह राठौड़ सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

सुसनेर: संविधान की शक्ति और सामाजिक न्याय पर हुई चर्चा
इधर सुसनेर के तहसील रोड स्थित अंबेडकर पार्क में भी गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि मार्केटिंग अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह काँवल ने बाबा साहेब को महान अर्थशास्त्री और समाज सुधारक बताते हुए कहा कि उनके लिखे संविधान के कारण ही आज देश के प्रत्येक नागरिक को समानता और न्याय का अधिकार प्राप्त है।

कार्यक्रम के मुख्य अंश:
संविधान की तुलना: सामाजिक कार्यकर्ता विष्णु भावसार ने संविधान की महत्ता बताते हुए कहा कि इसकी एक-एक पंक्ति रामायण और गीता के समान पवित्र है, जो देश में अराजकता को रोकती है।
संघर्षों की याद: पूर्व सरपंच राधेश्याम सूर्यवंशी ने 1927 के महाड़ सत्याग्रह और छुआछूत के खिलाफ बाबा साहेब के आंदोलनों को याद किया।
श्रमिक और महिला अधिकार: शिक्षक भेरूलाल ओसारा और रमेशचंद्र भयांजा ने बताया कि कैसे बाबा साहेब ने कार्य के घंटों को 12 से घटाकर 8 किया और ‘हिंदू कोड बिल’ के माध्यम से महिलाओं को संपत्ति व तलाक के अधिकार दिलाए।
अजाक्स तहसील अध्यक्ष पीरूलाल जादमे ने दलितों के उत्थान में ‘बहिष्कृत हितकारिणी सभा’ की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन राधेश्याम ओसारा ने किया और आभार मेघवाल समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष जादमे ने व्यक्त किया।

इस अवसर पर हरिश्चंद्र जागड़े, मोहन वर्मा, सुरेन्द्र जागड़े, देवीलाल अटेडिया, दिनेश जादमे, विनोद जादमे सहित बड़ी संख्या में अंबेडकर अनुयायी उपस्थित रहे।
