आगर मालवा –
मध्यप्रदेश शासन गृह विभाग द्वारा प्रदत्त प्रदेश पुलिस के प्रतिष्ठित “के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार वर्ष 2024” हेतु जिला आगर मालवा पुलिस के सूबेदार जगदीश यादव का चयन विशिष्ट श्रेणी में किया गया है। इस उपलब्धि पर जिला पुलिस आगर मालवा में हर्ष एवं गौरव का वातावरण है।
पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा जारी आदेशानुसार के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार नियम 2013 के अंतर्गत वर्ष 2023-24 के लिए सूबेदार जगदीश यादव को विशिष्ट श्रेणी में चयनित करते हुए ₹50,000 की नगद पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।
सूबेदार जगदीश यादव लंबे समय से मध्यप्रदेश पुलिस में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, प्रशिक्षण गतिविधियों, पुलिस बल के मार्गदर्शन, कानून-व्यवस्था संधारण एवं विभागीय दायित्वों के निर्वहन में उल्लेखनीय कार्य किया है। पुलिस लाइन एवं फील्ड स्तर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान करने, परेड एवं अनुशासन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा विभागीय कार्यों के कुशल संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने अपने कार्यकाल में सदैव कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए पुलिस संगठन की गरिमा को बढ़ाने का कार्य किया है। पुलिस बल के प्रशिक्षण, शारीरिक दक्षता, अनुशासन एवं कार्यकुशलता के विकास में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जा रहा है।
इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक आगर मालवा दिलीप कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट, समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं जिला पुलिस बल के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा सूबेदार जगदीश यादव को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान की गईं।
पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने कहा कि सूबेदार जगदीश यादव का यह सम्मान सम्पूर्ण जिला पुलिस आगर मालवा के लिए गौरव का विषय है। उनकी कार्यनिष्ठा, अनुशासन एवं उत्कृष्ट सेवाएं पुलिस बल के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह सम्मान पुलिस विभाग में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति एवं समर्पित सेवा भावना को प्रोत्साहित करने का कार्य करेगा।
जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा सूबेदार जगदीश यादव की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर उन्हें उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर सफलता के लिए शुभकामनाएं दी गई हैं।
