आगर-मालवा | 08 मई, 2026 प्रदेश के अनुसूचित जाति कल्याण एवं जिला प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान शुक्रवार को एक्शन मोड में नजर आए। सर्किट हाउस में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा कि अधिकारी जनकल्याणकारी कार्यों को अपनी प्राथमिकता में रखें। उन्होंने विशेष रूप से सड़कों की खुदाई और पेयजल संकट को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
L&T कंपनी की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी-
बैठक में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने L&T कंपनी द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की समय पर मरम्मत न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की साथ ही उन्होंने बारिश शुरू होने से पहले सभी सड़कों का रेस्टोरेशन (मरम्मत) कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण करने एवं खुदाई के कारण जनता को धूल और कीचड़ से परेशानी नहीं होने एवं पंचायत स्तर पर सरपंच-सचिव के साथ मिलकर क्षतिग्रस्त मार्गों का मौका मुआयना किया जाने सम्बन्धी निर्देश दिए ।
गेहूँ उपार्जन: “किसान को खरीदी केंद्रों पर न हो परेशानी-
गेहूँ खरीदी की समीक्षा करते हुए श्री चौहान ने बारदाना उपलब्धता, परिवहन और भुगतान की स्थिति जानी। जिले में अब तक 20,843 किसानों से गेहूँ खरीदा जा चुका है। मंत्री ने निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों पर किसानों की उपज की समय पर तुलाई हो, पेमेंट (भुगतान) निर्धारित समय सीमा में सीधा किसानों के खातों में पहुंचे एवं ग्राम कंकड़ेल में स्थापित 30 हजार मैट्रिक टन क्षमता के सायलो बैग का लाभ अधिक से अधिक किसानों को मिले।
पेयजल और बिजली पर सख्त निर्देश-
भीषण गर्मी को देखते हुए प्रभारी मंत्री ने पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त रखने, ग्रामीण क्षेत्रों में खराब हैंडपंपों को तत्काल सुधारने, एकल ग्राम नल-जल योजनाओं की निगरानी रखने संबंधी निर्देश दिए साथ ही उन्होंने अटल गृह ज्योति और अटल किसान ज्योति योजना का लाभ हर पात्र उपभोक्ता तक पहुंचाने, नवीन ग्रिडों के सर्वे कार्य में तेजी लाने व जनगणना संबंधी कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने संबंधी निर्देश दिए ।
बैठक में क्षेत्रीय सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मुन्नाबाई चौहान, विधायक मधु गेहलोत, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय सहित प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। कलेक्टर प्रीति यादव ने जिले में चल रहे विकास कार्यों का प्रेजेंटेशन दिया।
