IMG 20260425 WA0051

आगर मालवा –

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं दोपहिया वाहन चालकों में हेलमेट धारण की अनिवार्यता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिनांक 26/04/2026 से 10/05/2026 तक विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। उक्त अभियान पुलिस अधीक्षक आगर मालवा विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में जिलेभर में प्रभावी रूप से चलाया जाएगा। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक द्वारा समस्त थाना प्रभारियों को अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

अभियान के दौरान सख्त प्रवर्तन के साथ सुधारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए हेलमेट नहीं पहनने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। चालानी कार्रवाई के साथ-साथ POS मशीन के माध्यम से ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन हेतु प्रकरण परिवहन विभाग को भेजे जाएंगे, ताकि नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके।

इसके अतिरिक्त, जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विद्यार्थियों एवं युवाओं को हेलमेट के महत्व, सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया जाएगा। महिला वाहन चालकों को भी इस अभियान के माध्यम से विशेष रूप से जागरूक करने पर बल दिया जाएगा।

मीडिया एवं सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग करते हुए फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं अन्य प्लेटफॉर्म पर यातायात सुरक्षा से संबंधित संदेश, लघु वीडियो एवं जागरूकता सामग्री का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक अभियान का संदेश पहुंच सके।

पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया है कि यह अभियान केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि इसका व्यापक प्रभाव जनमानस के व्यवहार में भी परिलक्षित हो। इसके लिए सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में स्थानीय प्रशासन एवं जनसंपर्क विभाग के समन्वय से अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करेंगे तथा प्रतिदिन की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन निर्धारित माध्यम से प्रेषित करेंगे।

आगर मालवा पुलिस आमजन से अपील करती है कि अपनी एवं अपने परिवार की सुरक्षा के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करें एवं यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने में सहयोग प्रदान करें।_