आगर-मालवा-
जिला मुख्यालय से करीब 7 किलोमीटर दूर ग्राम सेमली और कुंडला खेड़ा के पास संचालित जिरकोन एडवांस फ्यूल प्रा. ली. के खिलाफ मंगलवार को आसपास के ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। एक दिन पहले कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपने के बाद आज ग्रामीणों ने आगर–सारंगपुर मार्ग स्थित सेमली जोड़ पर फैक्ट्री के सामने चक्का-जाम कर दिया और प्रशासन के समक्ष अपनी पीड़ा रखी।
ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री से निकलने वाला प्रदूषित अपशिष्ट जल गांव के नाले में छोड़ा जा रहा है। उनका कहना है कि यह पानी काला, बदबूदार और उपयोग के लायक नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार इस पानी के कारण गांव की पेयजल स्त्रोत ख़राब हो रहे है जिसके चलते गाँव की पेयजल पाइपलाइन से जुडा कुआं भी इस दूषित पानी के समीप होने से दूषित हो रहा है ।
ग्रामीणों का कहना है कि दूषित पानी के कारण मवेशियों को पानी पिलाना मुश्किल हो गया है वहीं कुछ जानवरो की मौत भी हो गई है साथ ही कई लोगों को खुजली, त्वचा संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने यह भी बताया की फैक्ट्री में आने वाले ट्रक आगर-सारंगपुर रोड के आसपास खड़े हो जाते हैं जिससे मार्ग अवरुद्ध होने लगता है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया की इस संबंध में कई बार फैक्ट्री प्रबंधन से शिकायत की गई, लेकिन उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
चक्का-जाम की सूचना मिलते ही आगर कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय, आगर तहसीलदार विजय सेनानी तथा कानड़ थाना प्रभारी राजकुमार दांगी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ मौके का निरीक्षण किया और नाले में बह रहे कथित दूषित पानी को देखा।
तहसीलदार विजय सेनानी ने बताया कि फैक्ट्री का अनट्रीटेड वाटर बाहर की तरफ निकलता हुआ दिखाई दे रहा है और इसकी जिला स्तर से जांच की जाएगी और उसके बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उस अनुसार करवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने मांग की है कि फैक्ट्री द्वारा प्राप्त पर्यावरणीय एवं अन्य सभी संचालन संबंधी अनुमतियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही जल प्रदूषण, कथित अतिक्रमण और अन्य अनियमितताओं की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
पूरे प्रकरण में जिरकोन का पक्ष अभी तक हमारे सामने नहीं आया है जैसे ही उनका पक्ष हमारे पास आएगा उससे भी हम आपको अवगत कराएंगे
