आगर मालवा। उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम के बाद उसी स्थल पर कथित तौर पर हवन-पूजन और गंगाजल से शुद्धिकरण किए जाने को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब आगर तक पहुंच गया है। घटना के विरोध में आज आगर जिला मुख्यालय के छावनी नाका चौराहे पर कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग द्वारा भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए भाजपा का पुतला दहन किया गया और अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्ष गौरीशंकर सूर्यवंशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं द्वारा पुतला दहन किए जाने के दौरान आगर थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। वहीं फायर ब्रिगेड के माध्यम से पानी की बौछारें कर पुतला जला रहे कार्यकर्ताओं को पीछे हटाने का प्रयास भी किया गया इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता गुड्डूलाल भी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर मौजूद रहे।
“राष्ट्रीय अध्यक्ष का अपमान सहन नहीं करेंगे”
अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष गौरीशंकर सूर्यवंशी ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान कांग्रेस कार्यकर्ता और अनुसूचित जाति समाज सहन नहीं करेगा। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष का एक जाति विशेष से होने के कारण भाजपा द्वारा इस तरह का कृत्य किया गया है, जिसकी हम घोर निंदा करते हैं।”
भाजपा ने शुद्धिकरण से संबंध से किया इनकार
वहीं, हल्द्वानी की मूल घटना को लेकर भाजपा ने मंच के शुद्धिकरण कार्यक्रम से पार्टी के सीधे संबंध से इनकार किया है। भाजपा की ओर से कहा गया है कि शुद्धिकरण कार्यक्रम पार्टी द्वारा आयोजित नहीं किया गया था और कांग्रेस द्वारा इस घटना को राजनीतिक एवं जातिगत रंग दिया जा रहा है।
भाजपा की ओर से यह भी तर्क दिया गया कि शुद्धिकरण कार्यक्रम में शामिल कुछ लोग स्वयं अनुसूचित जाति समुदाय से संबंधित थे, इसलिए इसे जातिगत भेदभाव से जोड़ना उचित नहीं है।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा पुतला दहन रोकने के प्रयास और फायर ब्रिगेड से पानी की बौछार किए जाने का दृश्य भी चर्चा का विषय रहा-
