Screenshot 20260909 174036 Gallery

आगर मालवा-

केंद्रीय विद्यालय आगर मालवा के सामने स्थित नगर पालिका के ट्रेंचिंग ग्राउंड को हटाने की मांग को लेकर अभिभावकों द्वारा बुधवार को शुरू किया गया धरना और अनशन कुछ ही देर में चक्काजाम में तब्दील हो गया। अभिभावकों के सड़क पर बैठते ही आगर-उज्जैन राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया।

मामले की सूचना मिलते ही आगर थाना प्रभारी नागेश यादव पुलिस दल के साथ धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारी अभिभावकों से चर्चा कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। लेकिन मामला लंबा खिंचता देख आगर एसडीएम श्री मिलिंद ढोके भी मौके पर पहुंचे।

एसडीएम ने दिया तत्काल कचरा डालना बंद करने का आश्वासन

धरना स्थल पर एसडीएम मिलिंद ढोके ने आंदोलनकारी अभिभावकों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया कि आज से ही केंद्रीय विद्यालय के सामने स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में कचरा डालना बंद कर दिया जाएगा।

इसके साथ ही एसडीएम ने अभिभावकों को यह भी आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द ट्रेंचिंग ग्राउंड को यहां से हटाकर बड़ोद रोड स्थित ग्राम जामली के निकट उपलब्ध कराई गई जगह पर स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जाएगी।

आश्वासन के बाद समाप्त किया चक्काजाम और अनशन

एसडीएम के आश्वासन के बाद आंदोलनकारी अभिभावकों ने अपना आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया। इसके बाद चक्काजाम और अनशन समाप्त कर दिया गया तथा आगर-उज्जैन राजमार्ग पर यातायात बहाल हो गया।

सात दिन के आश्वासन के बाद फिर शुरू किया था आंदोलन

गौरतलब है कि ट्रेंचिंग ग्राउंड को हटाने की मांग को लेकर अभिभावक पहले भी कलेक्टर की जनसुनवाई में आवेदन दे चुके थे। कलेक्टर द्वारा सात दिन का समय दिए जाने के बाद भी संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर अभिभावक 8 सितंबर को पुनः जनसुनवाई में पहुंचे और कलेक्टर को स्मरण पत्र सौंपा था।

इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर अभिभावकों ने 9 सितंबर से केंद्रीय विद्यालय के सामने आगर-उज्जैन राजमार्ग पर धरना एवं अनशन शुरू करने की घोषणा की थी।

आज जैसे ही अभिभावक धरने पर बैठे, राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की समझाइश तथा एसडीएम द्वारा मौके पर दिए गए आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त हुआ।

अब आश्वासन पर अमल का इंतजार

फिलहाल आंदोलन तो समाप्त हो गया है, लेकिन अब अभिभावकों की नजर प्रशासन के आश्वासन पर है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह होगी कि क्या आज से वास्तव में ट्रेंचिंग ग्राउंड में कचरा डालना बंद होता है और इसे जामली के निकट स्थानांतरित करने की कार्रवाई कितनी जल्दी शुरू होती है।

अभिभावकों का कहना है कि उनका उद्देश्य विद्यार्थियों को ट्रेंचिंग ग्राउंड से होने वाली परेशानी से राहत दिलाना है और प्रशासन के आश्वासन के बाद फिलहाल आंदोलन समाप्त किया गया है।

न्यूज़ से संबंधित वीडियो देखने के लिए यह लाइन टच करें-

यह भी पड़े

error: Content is protected !!