Screenshot 20260912 172426 Gallery

आगर मालवा-

जिले में कलेक्टर और पत्रकारों के बीच चल रहा विवाद अब खुलकर सामने आ गया है।

आगर नगर सहित जिले के पत्रकारों ने कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित करते हुए राज्य शासन से उन्हें तत्काल हटाए जाने की मांग की है।

शनिवार दोपहर एक बजे आगर नगर के गांधी उपवन गार्डन में आगर नगर एवं जिले के पत्रकारों की आवश्यक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना की कार्यशैली, पत्रकारों के प्रति कथित उपेक्षापूर्ण रवैया, संवादहीनता की स्थिति तथा जनसुनवाई जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में पत्रकारों को कवरेज करने से रोकने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के बाद पत्रकारों ने सर्वसम्मति से कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना के कार्यव्यवहार की घोर निंदा करते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया।

पत्रकारों की ओर से राज्य शासन से मांग की गई है कि कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना को तत्काल आगर मालवा से हटाया जाए और उनके स्थान पर ऐसा अधिकारी पदस्थ किया जाए, जो जवाबदेह होने के साथ-साथ पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और आम जनता से समन्वय बनाकर कार्य करे।

दरअसल, कलेक्टर के कथित व्यवहार को लेकर पत्रकारों द्वारा पूर्व में भी जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, विधायक मधु गहलोत और भाजपा जिला अध्यक्ष ओम मालवीय से मुलाकात कर अपनी शिकायत रखी गई थी।

उस दौरान प्रभारी मंत्री की ओर से पत्रकारों को आश्वासन दिया गया था कि कलेक्टर से चर्चा कर मामले को ठीक किया जाएगा लेकिन पत्रकारों का कहना है कि इसके बावजूद परिस्थितियों में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

इसी के बाद शनिवार को पत्रकारों की बैठक आयोजित कर सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित करने और कलेक्टर को तत्काल हटाने की मांग करने का निर्णय लिया गया।

अब इस पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को आगर मालवा आ रहे हैं ऐसे में पत्रकारों ने निर्णय लिया है कि कलेक्टर के खिलाफ पारित इस निंदा प्रस्ताव से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को अवगत कराया जाएगा और पत्रकारों की समस्याओं एवं कलेक्टर के कथित व्यवहार का पूरा मामला मुख्यमंत्री के सामने रखा जाएगा।

अब देखना होगा कि पत्रकारों द्वारा लगाए गए इन आरोपों और कलेक्टर को हटाने की मांग पर राज्य शासन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का क्या रुख सामने आता है।

न्यूज़ से संबंधित वीडियो देखने के लिए इस लाइन को टच करें 

IMG 20260912 WA0069 scaled IMG 20260912 WA0045

यह भी पड़े

error: Content is protected !!