आगर मालवा। प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज आगर मालवा जिले के दौरे पर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्रीमती विजयलक्ष्मी तवर ने एक वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री का स्वागत करने की बात कही है।
विजयलक्ष्मी तवर का कहना है कि मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किए गए जन विश्वास अभियान का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सुनना और उनका त्वरित समाधान करना है, लेकिन जिले में आयोजित जन विश्वास शिविरों को लेकर शिकायतकर्ताओं की ओर से गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि जन विश्वास शिविर में शिकायतकर्ताओं को अपनी बात रखने में परेशानी हो रही है और उनका माइक तक बंद किए जाने की स्थिति सामने आई है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की समस्या ही नहीं सुनी जाएगी तो उसका समाधान कैसे होगा?
उन्होंने कहा कि वह आज मुख्यमंत्री मोहन यादव के स्वागत के दौरान जिले की विभिन्न समस्याओं के साथ-साथ जन विश्वास शिविरों में सामने आ रहे घटनाक्रम से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगी।
विजयलक्ष्मी तवर के अनुसार, वह जन विश्वास शिविर के शिकायतकर्ताओं के साथ मौजूद रहेंगी और उनकी समस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने रखने का प्रयास करेंगी।
अब देखने वाली बात होगी कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के सामने कांग्रेस जिला अध्यक्ष और शिकायतकर्ताओं की ओर से उठाए जाने वाले इन मुद्दों पर शासन-प्रशासन का क्या रुख सामने आता है?
