आगर-मालवा।
जिला मुख्यालय आगर-मालवा में सवर्ण समाज संगठन जिला आगर-मालवा के तत्वावधान में रविवार को स्थानीय झंडाचौक, छावनी में शंखनाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। इस दौरान संगठन द्वारा भारत सरकार से यूजीसी से संबंधित प्रस्तावित कानून की वापसी, आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने तथा एट्रोसिटी एक्ट के दुरुपयोग पर रोक लगाने सहित विभिन्न मांगें उठाई गईं।
कार्यक्रम में आगर-मालवा जिले के साथ-साथ शाजापुर जिले से भी समाजजन एवं अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में पूर्व आईएएस अधिकारी एवं सपाक्स समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष वीणा घाणेकर, राष्ट्रीय कवि एवं प्रखर वक्ता राहुल शर्मा, सपाक्स समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश शुक्ला, ब्राह्मण महासंघ उज्जैन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र चतुर्वेदी तथा अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव सिंह परिहार शामिल रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के आगमन एवं स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, भारत माता का पूजन तथा हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। हनुमान चालीसा पाठ हेमंत नगर एवं उनकी टीम द्वारा किया गया।
इसके बाद अतिथियों का परिचय एवं स्वागत किया गया। कार्यक्रम में सवर्ण समाज संगठन जिला आगर-मालवा के संयोजक संजय शर्मा ने संगठन की ओर से विचार व्यक्त करते हुए विभिन्न मांगों एवं संगठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात आमंत्रित अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में सवर्ण समाज से जुड़े विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में समाजजनों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में संगठन की ओर से सुरेश तिवारी ने आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। शांति पाठ एवं समापन गोपाल भट्ट एवं उनकी टीम द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की जानकारी सवर्ण समाज संगठन जिला आगर-मालवा के संयोजक संजय शर्मा द्वारा दी गई।
