Screenshot 20260915 124933 Gallery

​आगर-मालवा। जिले के कानड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घुराशिया के एक पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए संघर्ष का मोर्चा खोल दिया है। 13 वर्षीय मासूम रवि सूर्यवंशी की किसी अज्ञात हमलावार की गोली से हुई मौत मामले में 11 महीने बीत जाने के बाद भी न्याय न मिलने पर आज दिनांक 15/09/2026 से पीड़ित परिवार व समाजजन आगर कलेक्टर कार्यालय के मुख्य द्वार के समक्ष अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं।

क्या है पूरा मामला?

​पीड़ित परिवार निवासी घुराशिया, थाना कानड़ के अनुसार, 18 अक्टूबर 2025 को उनके 13 वर्षीय पुत्र रवि की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना को लगभग एक साल होने को है, लेकिन कानड़ थाना पुलिस से लेकर जिला प्रशासन और जनसुनवाई तक न्याय की गुहार लगाते-लगाते परिवार थक चुका है।

​पीडित का आरोप है कि उन्होंने थाना प्रभारी कानड़, एसडीओपी, पुलिस अधीक्षक, डीआईजी, आईजी, डीजीपी और जनसुनवाई में सैकड़ों लिखित आवेदन प्रस्तुत किए, लेकिन नतीजा सिफर रहा।

प्रशासन से सीधी चर्चा और उग्र आंदोलन की चेतावनी

​धरनास्थल पर मौजूद समाजजनों और पीड़ित परिवार का कहना है कि वे किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी (एसडीओपी या अन्य उच्चाधिकारी) को मौके पर बुलाकर कानड़ थाना स्तर पर हुई कथित लापरवाही की निष्पक्ष समीक्षा और आरोपियों का पता कर उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

​ आंदोलनकारी ने बताया कि वे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा और प्रकरण में तत्काल कार्रवाई चाहते हे और यदि ऐसा नहीं होगा तो फिर मांगें पूरी न होने पर कानड़ रोड चक्काजाम किया जाएगा और इसके बावजूद सुनवाई नहीं हुई तो परिवार सहित भूख हड़ताल शुरू की जाएगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन, प्रशासन और पुलिस की होगी।

संघर्ष की दास्तां: कर्ज के साये में भटकता परिवार

​अत्यंत अभावों में जीवन जी रहे गोपाल लाल का परिवार मानसिक, आर्थिक और सामाजिक स्तर पर पूरी तरह टूट चुका है। बार-बार दफ्तरों के चक्कर काटने से आर्थिक कमर टूट चुकी है, इसके बावजूद न्याय की उम्मीद में यह परिवार डटा हुआ है।

​समाचार लिखे जाने तक प्रशासनिक स्तर पर चर्चा के प्रयास जारी थे, लेकिन ग्रामीण व परिजन उच्चाधिकारियों के घटनास्थल पर आकर ठोस कार्रवाई का आश्वासन देने पर अड़े हुए थे।

न्यूज़ से संबंधित वीडियो देखने के लिए इस लाइन को टच करें-

यह भी पड़े

error: Content is protected !!