आगर-मालवा। जिला पुलिस आगर-मालवा को नवीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय के रूप में आधुनिक एवं सुव्यवस्थित कार्यालय भवन की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन डॉ. मोहन यादव ने 13 सितंबर को आगर-मालवा प्रवास के दौरान कार्यक्रम स्थल से नवीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं होमगार्ड की नवीन बिल्डिंग का लोकार्पण किया।
लोकार्पण के बाद एडीजी एवं आईजी उज्जैन संभाग राकेश कुमार गुप्ता, संभागायुक्त उज्जैन आशीष सिंह एवं डीआईजी उज्जैन रेंज नवनीत भसीन ने नवीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने भवन में उपलब्ध सुविधाओं एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं अनुष्ठान के साथ नवीन कार्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
गणेश वंदना के साथ हुई कार्यालय की शुभ शुरुआत
14 सितंबर को नवीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा की स्थापना एवं गणेश वंदना की गई। इस अवसर पर जिले के पत्रकारों को भी आमंत्रित किया गया। पूजा-अर्चना के पश्चात पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने पत्रकारों के साथ कार्यालय के मीटिंग हॉल में सौहार्दपूर्ण संवाद किया।
पुलिस अधीक्षक ने पत्रकारों का स्वागत करते हुए पुलिस एवं मीडिया के बीच बेहतर समन्वय और निरंतर संवाद को जनहित में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक संवाद के माध्यम से पुलिस की गतिविधियों, जनसेवा एवं जागरूकता संबंधी प्रयासों को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है।
पत्रकारों ने देखा 26 कक्षों वाला नवीन कार्यालय
संवाद के बाद पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट एवं अन्य अधिकारियों के साथ पत्रकारों ने नवीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भ्रमण किया।
नवीन भवन में कुल 26 कक्ष बनाए गए हैं। इनमें पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक अजाक, रक्षित निरीक्षक, स्टेनो, रीडर, लिपिक शाखा, साइबर सेल एवं मीटिंग हॉल सहित विभिन्न शाखाओं के लिए सुव्यवस्थित कार्यालय उपलब्ध हैं।
कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आवश्यक सुविधाओं के साथ ही पुलिस कार्यालय पहुंचने वाले आम नागरिकों के लिए बैठने की व्यवस्था तथा पेयजल हेतु वाटर कूलर सहित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
आधुनिक सुविधाओं से बेहतर होगा पुलिस का कामकाज
नवीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय के शुरू होने से जिला पुलिस की विभिन्न शाखाओं को बेहतर कार्य वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं। इससे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों के प्रभावी निर्वहन में सुविधा मिलने के साथ ही पुलिस कार्यालय आने वाले आम नागरिकों को भी अधिक सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण मिलने की उम्मीद है।
नवीन कार्यालय का भ्रमण करने के बाद पत्रकारों ने यहां उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं की सराहना की और जिला पुलिस को नवीन कार्यालय के शुभारंभ की शुभकामनाएं दीं।
प्रमुख रूप से उपस्थित: अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट, एसडीओपी आगर मोतीलाल कुशवाहा, थाना प्रभारी आगर निरीक्षक नागेश यादव, रक्षित निरीक्षक सपना परमार, यातायात प्रभारी सौरभ सिंह चौहान सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी रहे ।
