आगर मालवा-
नाव घाट स्थित कच्चे श्मशान की भूमि पर प्रशासन द्वारा फायर स्टेशन के लिए जमीन आवंटित किए जाने के विरोध में ‘सर्व हिंदू समाज’ के बैनर तले आम जनता का आक्रोश चरम पर पहुँच गया है। अपनी माँग को लेकर आज बड़ी संख्या में जन समुदाय जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान से मिलने सर्किट हाउस पहुँचा और प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
श्मशान भूमि आवंटन पर जताई कड़ी आपत्ति
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बड़ा तालाब स्थित नाव घाट की यह भूमि वर्षों पुरानी है। इसका उपयोग पारंपरिक रूप से नवजात शिशुओं, लावारिस लाशों और पशुओं के शवों को दफनाने के लिए किया जाता रहा है। हिंदू समाज का आरोप है कि प्रशासन ने उन्हें पूरी तरह अंधेरे में रखकर 2 एकड़ जमीन फायर स्टेशन के लिए आवंटित कर दी और गुपचुप तरीके से निर्माण कार्य भी शुरू करवा दिया, जिससे पूरे समाज की धार्मिक भावनाएँ आहत हुई हैं।
वैकल्पिक स्थान पर फायर स्टेशन स्थानांतरित करने की मांग
प्रभारी मंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में सर्व हिंदू समाज ने मांग की है कि प्रस्तावित फायर स्टेशन का निर्माण श्मशान भूमि के स्थान पर बस स्टैंड या ईदगाह के पास उपलब्ध अन्य शासकीय भूमि पर किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने तुरंत स्थान परिवर्तन का निर्णय नहीं लिया, तो वे चरणबद्ध और उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
कलेक्टर के बाद प्रभारी मंत्री से सीधी चर्चा:
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी सर्व हिंदू समाज द्वारा कलेक्टर के नाम ज्ञापन देकर इस आवंटन को रद्द करने की मांग की गई थी। कार्रवाई न होने से आक्रोषित आंदोलनकारियों से चर्चा के लिए पहले एसडीएम मिलिंद ढोके पहुंचे, लेकिन प्रदर्शनकारी सीधे प्रभारी मंत्री को ज्ञापन देने पर अड़ गए। लगभग 20-25 मिनट की कशमकश के बाद प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान प्रदर्शनकारियों के बीच पहुँचे, उनकी समस्या सुनी और मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
