आगर मालवा –
कहते हैं कि अगर इरादे मजबूत हों और समाज का साथ मिल जाए, तो हर मुश्किल राह आसान हो जाती है। कुछ ऐसी ही प्रेरणादायी तस्वीर आगर मालवा के आगर विकासखंड से ग्राम माधोपुर से सामने आई है। यहां के शासकीय प्राथमिक विद्यालय का भवन जर्जर स्थिति में था और मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहा था। बच्चों के पास बैठने तक की सही व्यवस्था नहीं थी और बारिश में तो हालात कुछ इस तरह के हो जाते थे कि बच्चों को वहां बिठाकर पढ़ाना संभव ही नहीं लगता था।हालात कुछ ऐसे थे कि विद्यालय के स्टाफ को स्थानिय स्तर पर ही किराए का भवन लेकर वहां विद्यालय संचालित करना पड़ रहा था।
जब इस बदहाली की खबर प्रशासनिक अधिकारियों और संवेदनशील समाजसेवियों तक पहुँची, तो बदलाव की एक नई कहानी लिखी गई।
सीएसपी मोतीलाल कुशवाहा ने खुद स्कूल का निरीक्षण किया और इसे संवारने का बीड़ा उठाया। देखते ही देखते जनप्रतिनिधि, अधिकारी और समाजसेवी भी एक साथ आए। आर्थिक और नैतिक सहयोग का ऐसा कारवां जुड़ा कि आज इस स्कूल की सूरत पूरी तरह बदल चुकी है।
भाजपा जिला अध्यक्ष ओम मालवीय, आगर नगर पालिका उपाध्यक्ष प्रतिनिधि रऊफ मुल्तानी तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजयलक्ष्मी तंवर सहित कई समाजसेवियों ने भी आर्थिक एवं नैतिक सहयोग देकर विद्यालय के भवन को नया स्वरूप दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी के सामूहिक प्रयासों से विद्यालय आज आकर्षक, सुव्यवस्थित एवं बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण वाला परिसर बन गया है।
“इसी सफलता और जनसहयोग के सम्मान में स्कूल परिसर में एक भव्य ‘भवन विकास एवं नवीनीकरण सम्मान समारोह’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार बोयट, जिला शिक्षा अधिकारी नीतीश कुमार पांडे, सीएसपी मोतीलाल कुशवाहा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजयलक्ष्मी तंवर और नगरपालिका उपाध्यक्ष रऊफ मुल्तानी, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी सौरभ जैन, डीपीसी महेश जाटव, दिनेश कुंभकार, जनशिक्षक गोकुल सर , आगर कोतवाली थाना प्रभारी श्रीमती शशि उपाध्याय, एसआई श्रीमती सुनीता परिहार एवं एएसआई सुश्री आशा लकवाल एवं अन्य मौजूद रहे।
सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का स्कूल परिवार द्वारा आत्मीय स्वागत और सम्मान किया गया।
अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला होता है। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ पत्रकार दिलीप दादू, गिरीश सक्सेना, रितेश खंडेलवाल, सचिन खरे, गोविन्द गुरु, शफीक खान, देवेंद्र मेवाड़ा, बहादुर सिंह पवार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
माधवपुर प्राथमिक विद्यालय का यह नवीनीकरण इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण है कि जब प्रशासन, जनप्रतिनिधि और समाज मिलकर सकारात्मक पहल करते हैं, तो सीमित संसाधनों वाला एक सरकारी विद्यालय भी समाज एवं विद्यालय के बच्चों के लिए प्रेरणादायी केंद्र बन सकता है-

