आगर मालवा-
आगामी 17 अगस्त को स्थानीय श्री बैजनाथ महादेव मंदिर में एक ऐतिहासिक और अलौकिक धार्मिक उत्सव का आयोजन होने जा रहा है। शिवसेना युवासेना द्वारा आयोजित होने वाले इस भव्य ‘5100 डमरू आरती एवं डमरू पूजन महोत्सव’ की तैयारियों को लेकर गुरुवार को एक विशेष पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने इस महाआयोजन को सफल बनाने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं।
गणेश पूजन और डमरू पूजन के साथ हुआ श्रीगणेश
पत्रकार वार्ता के आयोजन से पूर्व शिवसेना युवासेना के पदाधिकारियों ने चिंतामण गणेश मंदिर पहुंचकर भगवान श्री गणेश के श्रीचरणों में आयोजन का प्रथम निमंत्रण पत्र अर्पित किया। इसके पश्चात सभी पदाधिकारी बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर पहुंचे, जहां भगवान भोलेनाथ के चरणों में डमरू रखकर विधिवत पूजन-अर्चन किया गया और आयोजन की निर्विघ्न सफलता के लिए विशेष प्रार्थना की गई।
हर घर पहुंचेगा ‘डमरू’ और आमंत्रण
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए शिवसेना युवासेना के प्रदेश महासचिव सुनील वर्मा ने कहा कि यह आयोजन धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से आगर मालवा के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि नगर के सभी 23 वार्डों के प्रत्येक परिवार तक संगठन के कार्यकर्ता खुद पहुंचेंगे। इस अभियान के तहत न केवल घर-घर जाकर आमंत्रण दिया जाएगा, बल्कि प्रत्येक परिवार तक डमरू भी पहुंचाया जाएगा। इसके सुव्यवस्थित संचालन के लिए वार्ड स्तर पर विशेष टोलियों का गठन किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय स्तर के नेता होंगे शामिल
श्री वर्मा ने बताया कि इस ऐतिहासिक धार्मिक अनुष्ठान में शिवभक्तों की भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। कार्यक्रम में शिवसेना कोटे से भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री, शिवसेना के वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता, तथा मध्यप्रदेश के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और हजारों की संख्या में शिवभक्त शिरकत करेंगे।
आयोजन टोलियों और समितियों का गठन
प्रदेश संगठन प्रमुख एवं जिला डमरू आयोजन प्रभारी दिनेश विश्वकर्मा ने कार्यकर्ताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि इस भव्य आयोजन में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह पूरे आगर नगर का गौरव है और इसमें समाज के प्रबुद्धजन, मातृशक्ति, युवा और व्यापारी वर्ग सहित हर नागरिक को जोड़ा जाएगा।
समारोह को सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। आयोजन के लिए समाजसेवी डॉ. बालचंद विश्वकर्मा को संरक्षक तथा युवासेना नगर अध्यक्ष महेंद्र माली को संयोजक का दायित्व सौंपा गया है। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा भव्य शिव भजन संध्या, सामूहिक 5100 डमरू आरती, भव्य निरंजन आरती और विशाल महाप्रसादी का आयोजन भी किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता के समापन पर उपस्थित सभी मीडियाकर्मियों का सम्मान किया गया और उन्हें आगामी महोत्सव के प्रतीक स्वरूप पावन डमरू भेंट किए गए। इस दौरान प्रदेश मंत्री दिनेश मालवीय, उज्जैन संभाग अध्यक्ष देवकरण परमार, जिला प्रभारी मेहरबान सिंह पवार, जिला अध्यक्ष मनोहर सिंह बगड़ावत सहित सैकड़ों पदाधिकारी और शिवभक्त उपस्थित रहे।

