आगर मालवा –
सुसनेर के समीपस्थ ग्राम खेरिया निवासी राहुल यादव पर हुए जानलेवा हमले और लूट के मामले में पुलिसिया कार्रवाई से नाराज सर्व समाज और छात्र शक्ति संगठन का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने और दर्ज मामले में लूट की धारा न जोड़े जाने से आक्रोशित ग्रामीणों व युवाओं ने इंदौर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग को रेस्ट हाउस के सामने जाम कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सुसनेर तहसीलदार के नाम एक ज्ञापन थाना प्रभारी अक्षय सिंह बैस एवं एसडीओपी देवनारायण यादव को सौंपकर तीन दिन मे कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
गत 1 जून 2026 की रात लगभग 8:30 बजे जामुनिया रोड स्थित एक ढाबे के समीप ग्राम खेरिया निवासी राहुल यादव (पिता श्री करण सिंह यादव) पर अज्ञात बदमाशों ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया था। बदमाशों ने राहुल पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। परिजनों और प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि वारदात के दौरान बदमाश राहुल के पास मौजूद करीब ₹80,000/- की नकदी भी लूटकर फरार हो गए।
चाकूबाजी की इस खौफनाक वारदात में राहुल यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सुसनेर में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत उज्जैन के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहाँ वे वर्तमान में आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के बाद सुसनेर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले के तहत प्रकरण तो दर्ज कर लिया है, लेकिन आंदोलनकारियों का साफ कहना है कि जब राहुल के साथ ₹80,000/- की लूट भी हुई थी, तो पुलिस ने अब तक मामले में लूट की धारा क्यों नहीं बढ़ाई?
सर्व समाज और छात्र शक्ति संगठन के बैनर तले सौंपे गए ज्ञापन में मुख्य रूप से निम्नलिखित मांगें की गई हैं:
घटना में शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
पुलिस केस में लूट की सुसंगत धाराएं जोड़कर मामले की निष्पक्ष व त्वरित जांच हो।
पीड़ित परिवार को उचित सुरक्षा और न्याय प्रदान किया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि अगले 3 दिनों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी और लूट की धारा बढ़ाने जैसी कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती है, तो सर्व समाज और छात्र शक्ति संगठन सड़कों पर उतरकर उग्र चक्काजाम और धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। चक्काजाम और प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र संगठन के पदाधिकारी और ग्राम खेरिया सहित आसपास के सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
गिरीश न्यूज़ ने जब इस प्रकरण के संबंध में थाना प्रभारी सुसनेर अक्षय सिंह बेस से चर्चा की तो उन्होंने बताया कि अभी तक पीड़ित बयान करने की स्थिति में नहीं था इसलिए लूट की धारा का इजाफा नहीं हो सका है पर अब उसके बयान हो चुके हैं और हम प्रकरण में लूट की धारा बड़ाकर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करेंगे-
