आगर मालवा –
सुसनेर क्षेत्र में अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने गई वन विभाग की टीम पर हमला करने और जब्त ट्रैक्टर का मुख्य हिस्सा (ट्रेक्टर) लेकर फरार होने वाले आरोपियों के खिलाफ वन विभाग ने कड़ा रुख अपना लिया है और इसके तहत वन विभाग ने आज कार्रवाई करते हुए फरार ट्रैक्टर को जब्त करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
मिली जानकारी के अनुसार, वन मंडलाधिकारी (DFO) श्रीमती हेमलता शाह के कड़े निर्देश और उपवन मंडलाधिकारी (SDO) फतेहसिंह नीनामा (आगर) व वन परिक्षेत्र अधिकारी चंदरसिंह पंवार (सुसनेर) के कुशल मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
डिप्टी रेंजर पीरुलाल खाटकी के नेतृत्व में गठित टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आज घेराबंदी कर पिड़ावा रोड, सुसनेर से उस माफिया द्वारा छुड़ाए गए ट्रैक्टर को ढूंढ निकाला और उसे सफलतापूर्वक जब्त कर लिया। जब्त किए गए ट्रेक्टर को सुसनेर रेंज परिसर में लाकर सुरक्षित खड़ा करवा दिया गया है।
इस कार्रवाही मे सोयत बीट प्रभारी के.एल. परमार सहित वनकर्मी कमलसिंह मालवीय, सुरेश प्रजापति, संजय गोर, जितेन्द्र गोर, देवराज सिंह सिसौदिया और नरेंद्र सक्सेना शामिल थे।
वन विभाग के अधिकारियों का साफ कहना है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले माफियाओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के लकड़ी तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने भी इस त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है।
