motion photo 1939799907337994071 scaled

​आगर मालवा-

समाचार प्रकाशन के बाद पुलिस द्वारा पत्रकारों को नोटिस जारी किए जाने के विरोध में ‘जर्नलिस्ट्स यूनियन ऑफ मध्यप्रदेश’ (JUMP) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अरुण सक्सेना के आह्वान पर पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन जारी है। इसी कड़ी में आज आगर मालवा जिले के पत्रकारों ने पुलिसिया दबाव के खिलाफ लामबंद होकर कलेक्टर कार्यालय में एसडीएम मिलिंद ढोके को प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा।

​सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार, मामला विदिशा जिले का है जहां एक मंदिर के पुजारी द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर स्थानीय पत्रकारों ने तथ्यात्मक व निष्पक्ष समाचारों का प्रकाशन और प्रसारण किया था। इस समाचार से बौखलाई विदिशा शहर थाना पुलिस ने पत्रकारों को नोटिस जारी कर जवाब-तलब करना शुरू कर दिया। पुलिस की इस एकतरफा कार्रवाई से पूरे प्रदेश के पत्रकार जगत में भारी असंतोष और असुरक्षा का माहौल है।

​ज्ञापन सौंपने पहुंचे पत्रकारों ने दो टूक शब्दों में कहा कि पुलिस की यह कार्यप्रणाली स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता का गला घोंटने जैसी है। जर्नलिस्ट्स यूनियन ऑफ मध्यप्रदेश (JUMP) ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर अनावश्यक दबाव बनाने का प्रयास करार दिया है।

प्रधानमंत्री से की गई मुख्य मांगें:

​विदिशा के पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।

​पत्रकारों को बेवजह परेशान करने वाले दोषी पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई हो।

​देश और प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र ‘पत्रकार सुरक्षा कानून’ लागू किया जाए।

​ज्ञापन सौंपने के दौरान आगर मालवा में जर्नलिस्ट्स यूनियन ऑफ मध्यप्रदेश (JUMP) के प्रांतीय उपाध्यक्ष गिरीश सक्सेना, संभागीय अध्यक्ष अमजद खान, संभागीय उपाध्यक्ष साबिर शेख, जिला अध्यक्ष महेंद्र जैन, जिला महामंत्री पिंटू बैरागी, फखरुद्दीन मुल्तानी, सचिन जैन, यूनिक प्रेस क्लब के जिला अध्यक्ष धीरव सिंह हाड़ा, रामेश्वर योगी, लवकुश बैरागी, राहुल कीथोदिया, राजकुमार, शानू खंडेलवाल, बहादुर सिंह और देवेंद्र मीणा सहित अन्य स्थानीय पत्रकार साथी मौजूद रहे।

IMG 20260622 WA0046

IMG 20260622 WA0058 scaled

यह भी पड़े