आगर मालवा –
लोकायुक्त उज्जैन ने एक बार फिर भ्रष्टाचार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। आगर मालवा जिले की जिला आपूर्ति अधिकारी कार्यालय के लेखापाल मनीष कुमार पंड्या को ₹50,000/- की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। मनीष पंड्या अपने ही सेवानिवृत्त जिला अधिकारी गोवर्धन लाल बोरासिया के रिटायरमेंट फंड की निकासी के बदले उनके पुत्र आवेदक विजय कुमार बोरासिया से कुल 1.5 लाख रुपए के रिश्वत की मांग कर रहे थे और उसी में से ही ₹50,000/- रु जब आवेदक ने लेखापाल मनीष पांडे को दिए तो लोकायुक्त उज्जैन ने उन्हें यह रिश्वत लेते रंगो हाथों गिरफ्तार कर लिया है।
लोकायुक्त निरीक्षक दीपक शेजवार ने बताया की हमें 8 जुलाई 2026 को जब यह शिकायत प्राप्त हुई तो हमने उसका सत्यापन करवाया और सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि दिनांक 8.7.2026 को आवेदक विजय कुमार बोरासिया (जावरा, रतलाम निवासी) ने लोकायुक्त उज्जैन के पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार यादव से लिखित शिकायत की थी कि उनके पिताजी, गोवर्धन लाल (जिला आपूर्ति अधिकारी आगर से सेवानिवृत्त), के ग्रेच्युटी, बीमा, अवकाश कैश आदि के करीब ₹27 लाख के फंड की निकासी के लिए जिला आपूर्ति कार्यालय के बाबू प्रभारी लेखापाल मनीष कुमार पंड्या द्वारा ₹1.5 लाख की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत की सत्यता की जांच निरीक्षक दीपक सेजवार से कराई गई, जिसमें शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप दल का गठन किया गया। आज, दिनांक 10.7.2026 को, योजनाबद्ध तरीके से लोकायुक्त टीम ने शिकायतकर्ता विजय कुमार बोरासिया के साथ आरोपी मनीष कुमार पंड्या को जिला खाद आपूर्ति अधिकारी कार्यालय आगर में ₹50,000 की रिश्वत की पहली किश्त लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
ट्रैप कार्रवाई में लोकायुक्त उज्जैन की टीम के सदस्य डीएसपी दिनेशचंद पटेल, निरीक्षक दीपक सेजवार, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, आरक्षकगण श्याम शर्मा, इसरार, शिवकुमार शर्मा, संदीप कदम सहित 10 सदस्य शामिल रहे।
लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई लोकसेवक अधिकारी या कर्मचारी किसी शासकीय कार्य को करने हेतु रिश्वत की मांग करता है, तो वे लोकायुक्त उज्जैन को मोबाइल नंबर 9425103975 पर या शासकीय दूरभाष 0734-2512756 पर संपर्क कर सकते हैं।
