Screenshot 20260811 153304 Gallery

आगर। आगर नगर के खसरा नंबर 1568 स्थित श्मशान भूमि पर प्रस्तावित फायर स्टेशन के निर्माण को लेकर सर्व हिंदू समाज और स्थानीय नागरिकों का विरोध अब आंदोलन में बदल गया है। प्रशासन द्वारा निर्माण कार्य नहीं रोके जाने के बाद सर्व हिंदू समाज ने मंगलवार, 11 अगस्त से नगर पालिका परिषद के सामने अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

इस धरना प्रदर्शन में भाजपा और कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी शामिल हुए, जिन्होंने सर्व हिंदू समाज की मांग का समर्थन करते हुए श्मशान भूमि से फायर स्टेशन का निर्माण हटाकर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर किए जाने की मांग रखी।

दरअसल, सर्व हिंदू समाज के लोगों द्वारा पिछले काफी समय से श्मशान भूमि पर फायर स्टेशन बनाए जाने का विरोध किया जा रहा है। इस संबंध में अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रभारी मंत्री से चर्चा करने के साथ ही कई बार लिखित आवेदन और ज्ञापन भी सौंपे गए। आंदोलनकारियों का कहना है कि हर स्तर पर उन्हें आश्वासन तो मिला, लेकिन इसके बावजूद फायर स्टेशन का निर्माण कार्य नहीं रोका गया।

सर्व हिंदू समाज का कहना है कि खसरा नंबर 1568 स्थित यह भूमि पिछले कई वर्षों से आगर नगर और आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए अंतिम संस्कार का प्रमुख स्थल रही है। इसके अलावा यहां मृत नवजात शिशुओं तथा गोवंश को दफनाने का कार्य भी किया जाता है। ऐसे में इसी भूमि पर फायर स्टेशन का निर्माण होने से अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को भविष्य में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है और इससे लोगों की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाएं भी आहत हो सकती हैं।

इन्हीं मांगों को लेकर अब सर्व हिंदू समाज ने प्रशासन के समक्ष अपना विरोध और अधिक मजबूती से दर्ज कराने का निर्णय लिया है। मंगलवार सुबह 10 बजे से नगर पालिका परिसर के बाहर शुरू हुआ यह धरना अनिश्चितकाल तक जारी रखने का ऐलान किया गया है।

आंदोलनकारियों का कहना है कि उनका विरोध पूरी तरह शांतिपूर्ण, अहिंसक और लोकतांत्रिक तरीके से किया जा रहा है। इस संबंध में धरना प्रदर्शन की अनुमति के लिए एसडीएम कार्यालय आगर में पूर्व में ही आवेदन दिया जा चुका है।

फिलहाल श्मशान भूमि पर प्रस्तावित फायर स्टेशन को लेकर सर्व हिंदू समाज और प्रशासन के बीच गतिरोध बना हुआ है। अब देखना होगा कि लगातार चल रहे इस धरना प्रदर्शन के बाद प्रशासन इस मामले में क्या निर्णय लेता है-

न्यूज़ से संबंधित वीडियो देखने के लिए इस लाइन को टच करें-

यह भी पड़े

error: Content is protected !!