IMG 20260915 WA4615 1

आगर मालवा –

सुसनेर। नगर परिषद सुसनेर के अध्यक्ष पद के लिए होने जा रहे उपचुनाव में मंगलवार को राजनीतिक तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई। नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन भाजपा और कांग्रेस ने अपने अधिकृत प्रत्याशियों के नाम घोषित करते हुए दोनों को पार्टी का अधिकृत मैंडेट सौंपा। इसके साथ ही अध्यक्ष पद की चुनावी जंग अब दिलचस्प मुकाबले की ओर बढ़ गई है।

भाजपा ने वार्ड क्रमांक-4 के वर्तमान पार्षद प्रदीप सोनी को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता विष्णु प्रसाद पाटीदार पर भरोसा जताया है। खास बात यह है कि दोनों प्रत्याशी वर्ष 2022 के नगर निकाय चुनाव में भी वार्ड क्रमांक-4 से एक-दूसरे के सामने चुनाव लड़ चुके हैं। अब एक बार फिर दोनों के बीच मुकाबला होगा, लेकिन इस बार दांव नगर परिषद अध्यक्ष की कुर्सी का है।

नामांकन के अंतिम दिन दोनों प्रत्याशियों ने अपने-अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ शक्ति प्रदर्शन किया। नगर के आराध्य देव श्री खेड़ापति हनुमानजी महाराज के दर्शन एवं पूजन के बाद रैली निकाली गई और निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र जमा किए गए।

अंतिम दिन सात नामांकन, अब नाम वापसी पर निगाह

निर्वाचन कार्यालय के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुल 10 आवेदन प्राप्त हुए हैं। मंगलवार को अंतिम दिन ही सात आवेदन जमा किए गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विष्णु प्रसाद पिता बद्रीलाल के दो फार्म, प्रदीप पिता बद्रीलाल के दो फार्म तथा ईश्वर सिंह कावल के दो फार्म प्राप्त हुए। इनके अलावा नईम अहमद मेव, विष्णु भावसार, मांगीलाल सोनी और घनश्याम गोयल के नाम भी आवेदन करने वालों में शामिल हैं।

अब चुनावी तस्वीर नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद स्पष्ट होगी। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 18 सितंबर को यह स्थिति साफ हो जाएगी कि अध्यक्ष पद के चुनाव में अंतिम रूप से कितने प्रत्याशी मैदान में रहेंगे।

भाजपा का दांव: राजनीतिक विरासत के साथ संगठन का अनुभव

भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए प्रदीप सोनी को अपना प्रत्याशी बनाया है। प्रदीप सोनी पूर्व विधायक बद्रीलाल सोनी के पुत्र हैं। वे पूर्व में शाजापुर युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा आगर जिले में भाजपा जिला मंत्री के रूप में भी दो बार संगठन की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

वर्तमान में वे नगर परिषद के वार्ड क्रमांक-4 से पार्षद हैं। भाजपा की ओर से नामांकन के दौरान जिलाध्यक्ष ओम मालवीय, पूर्व जिलाध्यक्ष चिंतामण राठौर, पूर्व विधायक बद्रीलाल सोनी, राणा विक्रम सिंह, मंडल अध्यक्ष डॉ. सौरभ जैन सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस ने रिश्तेदारी और राजनीतिक अनुभव को बनाया आधार

कांग्रेस ने अध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ नेता विष्णु प्रसाद पाटीदार को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। पाटीदार पूर्व विधायक वल्लभ भाई अम्बावतिया के समधी हैं और कांग्रेस संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों पर काम कर चुके हैं।

वर्ष 2022 में हुए नगर निकाय चुनाव में भी पाटीदार वार्ड क्रमांक-4 से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में प्रदीप सोनी के सामने चुनाव मैदान में थे। उस मुकाबले के बाद अब दोनों नेता एक बार फिर आमने-सामने हैं, हालांकि इस बार चुनाव वार्ड का नहीं बल्कि पूरी नगर परिषद के अध्यक्ष पद का है।

कांग्रेस प्रत्याशी विष्णु पाटीदार ने अपने निवास से समर्थकों के साथ रैली निकाली। इस दौरान विधायक भैरुसिंह परिहार बापू, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजयलक्ष्मी तंवर, पूर्व विधायक वल्लभ भाई अम्बावतिया, वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह चौहान सहित कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। रैली के रूप में निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया।

18 सितंबर के बाद तस्वीर होगी और साफ

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी की निगाहें नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी पर टिकी हैं। हालांकि भाजपा और कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी सामने आने के बाद अध्यक्ष पद का मुकाबला मुख्य रूप से प्रदीप सोनी और विष्णु पाटीदार के बीच माना जा रहा है। अंतिम चुनावी तस्वीर 18 सितंबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामने आएगी।

Screenshot 20260915 203021 Facebook IMG 20260915 WA0051

यह भी पड़े

error: Content is protected !!