Screenshot 20260917 111346 Gallery

आगर-मालवा। आगर के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी ) मोतीलाल कुशवाहा का आगर से भोपाल स्थानांतरण हो जाने पर सुसनेर रोड स्थित एक निजी होटल में नगर के पत्रकारों द्वारा विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उनके तीन वर्ष के कार्यकाल को याद करते हुए पत्रकारों ने उनके कार्यों, कर्तव्यनिष्ठा, सहज व्यवहार और आमजन एवं पत्रकारों के साथ बनाए गए बेहतर समन्वय की सराहना की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी उपस्थित थे जबकि  एडिशनल एसपी रविंद्र कुमार बोयट, थाना प्रभारी नागेश यादव, यातायात प्रभारी सौरभ सिंह चौहान एवं वरिष्ठ पत्रकार बैजू शर्मा विशेष अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में पत्रकार मनीष मारु, महेंद्र परमार, हिंदू सिंह यादव,धीरप हाड़ा, भागीरथ देवड़ा,अरविंद दुगारिया, लवकुश बैरागी, दिलीप कारपेंटर, राजकुमार, बहादुर सिंह, शानू खंडेलवाल, राहुल किथोंदिया, विजय बागड़ी, रामेश्वर यादवआदि पत्रकार साथियो द्वारा एसडीओपी मोतीलाल कुशवाहा सहित मंचासीन अतिथियों का साफा, पुष्पमाला एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।

तीन वर्ष के कार्यकाल को बताया उल्लेखनीय

समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार सचिन जैन, नजीर अहमद एवं गिरीश सक्सेना ने एसडीओपी मोतीलाल कुशवाहा के आगर में रहे तीन वर्ष के कार्यकाल की सराहना की। पत्रकारों ने कहा कि मोतीलाल कुशवाहा ने स्थानीय जनता और पत्रकारों के साथ बेहतर सहयोग एवं समन्वय बनाए रखते हुए अपने दायित्वों के प्रति समर्पण का परिचय दिया।

पत्रकारों ने कहा कि एसडीओपी जैसे महत्वपूर्ण पद पर रहते हुए भी मोतीलाल कुशवाहा हमेशा एक सिपाही की भावना के साथ पूरी तत्परता और समर्पण से फील्ड में काम करते हुए दिखाई दिए। कई मौकों पर वे घटनास्थल पर समय रहते पहुंचे और अपनी सक्रियता के चलते बड़ी वारदातों को होने से टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिसिंग के साथ सामाजिक क्षेत्र में भी योगदान

पत्रकारों ने उनके पुलिसिंग कार्यों के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में किए गए योगदान का भी उल्लेख किया। क्षेत्र के कुछ स्कूलों में उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों की चर्चा करते हुए बताया गया कि उन्होंने स्कूल भवन निर्माण में सहयोग करने के साथ ही फर्नीचर उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता के अनुसार अन्य प्रकार का सहयोग भी किया। पत्रकारों ने कहा कि पुलिस अधिकारी के रूप में अपने दायित्वों के निर्वहन के साथ सामाजिक सेवा के क्षेत्र में दिया गया उनका योगदान भी उल्लेखनीय रहा।

पत्रकारों के लिए हमेशा तत्पर रहे कुशवाहा

समारोह में पत्रकारों ने कहा कि मोतीलाल कुशवाहा का पत्रकारों के प्रति सहयोगात्मक रवैया भी उनके कार्यकाल की महत्वपूर्ण विशेषता रहा। जब भी किसी घटना या मामले से संबंधित जानकारी की पुष्टि के लिए पत्रकारों को पुलिस विभाग से जानकारी की आवश्यकता होती थी, वे सदैव तत्पर रहते थे और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग करते थे। इससे पत्रकारों को तथ्यात्मक एवं प्रमाणिक जानकारी के साथ समाचार तैयार करने में सुविधा होती रही।

एसपी और एडिशनल एसपी ने भी की सराहना

विदाई समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी व एडिशनल एसपी रविंद्र कुमार बोयट ने भी मोतीलाल कुशवाहा के कार्यों की सराहना की। अधिकारियों ने उनके कार्यकाल के अनुभवों का उल्लेख करते हुए आगामी पदस्थापना के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कुशवाहा बोले- यहां के कार्यकाल ने बढ़ाया आत्मविश्वास

अपने विदाई समारोह को संबोधित करते हुए एसडीओपी मोतीलाल कुशवाहा ने कहा कि आगर में कार्य करने के दौरान उन्हें क्षेत्र की जनता और पत्रकारों का लगातार सहयोग मिलता रहा। इसी सहयोग का परिणाम रहा कि उन्होंने यहां तीन वर्ष का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा किया।

उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में आने के बाद उन्होंने पुलिसिंग का कार्य सीखा, लेकिन आगर में कार्य करने के दौरान मिले अनुभव ने उनके आत्मविश्वास को और बढ़ाया। यहां कार्य करने के बाद अब जब वे किसी अन्य स्थान पर जा रहे हैं तो उनके भीतर एक नया आत्मविश्वास है, जो उन्हें अपने आगामी कार्यक्षेत्र में भी बेहतर ढंग से कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।

स्मृति चिन्ह भेंट कर दी विदाई

कार्यक्रम के अंत में पत्रकारों द्वारा मोतीलाल कुशवाहा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया और भावभीनी विदाई दी गई। पत्रकारों ने उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि पदोन्नति के बाद वे एक बार फिर आगर-मालवा जिले में आएंगे और क्षेत्र की जनता को उनके अनुभव एवं कार्यों का लाभ प्राप्त होगा।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार अजय झंजी ने किया।

IMG 20260917 WA0208 scaledIMG 20260917 WA01971 scaledIMG 20260917 WA0203 scaled

IMG 20260917 WA0438 scaled

IMG 20260917 WA0460 scaled

यह भी पड़े

error: Content is protected !!